मांझी(सारण)। शनिवार की देर शाम छपरा सिवान मुख्य मार्ग पर एक वाहन की चपेट में आने से एक युवक बुरी तरह जख्मी हो गया। जख्मी युवक को आनन फानन में लोगों ने छपरा सदर अस्पताल पहुंचाया। बाद में चिकित्सकों ने उसे चिंताजनक स्थिति में पीएमसीएच रेफर कर दिया। हालांकि पटना पहुंचने के पहले ही युवक ने दम तोड़ दिया। मृतक मांझी थाना क्षेत्र के डुमरी गांव निवासी कृष्णा साह बताया जाता है। परिजनों ने बताया कि मृतक बस का ड्राइवर था। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।