राज्य स्तरीय सबजूनियर बालिका हैंडबॉल में एकलव्य मैरवा विजेता तो सीवान बना उपविजेता

सारण एवं मुंगेर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान की ट्रॉफी पाया

बनियापुर (सारण) : ‘संत जलेश्वर स्मृति’ 6 वी बिहार राज्य सबजूनियर बालिका हैंडबॉल प्रतियोगिता में एकलव्य प्रशिक्षण केंद्र मैरवा बना विजेता , सीवान दूसरे स्थान पर तो सारण एवं मुंगेर तीसरे स्थान पर रहे ।

बनियापुर बड़ा लौवा के संत जलेश्वर अकादमी में आयोजित तीन दिवसीय हैंडबॉल प्रतियोगिता के समापन सह पारितोषिक वितरण समारोह में इन टीमो को चमचमाती ट्रॉफी एवम खिलाड़ियों को मेडल – प्रमाणपत्र जयप्रकाश विश्वविद्यालय छपरा के कुलपति प्रो डॉ हरिकेश सिंह एवं बिहार विधान पार्षद इंजीनियर सचिदानन्द राय ने संयुक्त रूप से दिया।

विद्यालय के संरक्षक राजकिशोर राय ने अतिथियों को बुके एवं अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। मौके पर सिविल सर्जन छपरा डॉ मधेश्वर झा , बिहार हैंडबॉल के महासचिव ब्रजकिशोर शर्मा, प्रो डॉ एम पी चौरसिया , सीवान के सचिव संजय पाठक , मुंगेर के सचिव राकेश कुमार आयोजन समिति के सत्येन्द्र तिवारी, आयोजन अध्यक्ष डॉ हरेन्द्र सिंह , संयोजक स्वागत समिति राकेश कुमार सिंह, प्रतियोगिता संयोजक विनीत कुमार , राहुल कुमार राय , मनोकामना सिंह , विपिन मिश्र, कुलदीप महासेठ , जीतेश तिवारी , मुन्ना सिंह , रीतेश कुमार सिंह, अभिषेक कुमार सिंह सहित अन्य थे जिन्हें सम्मानित किया गया ।

कुलपति ने खिलाड़ियो एवं आयोजको को सम्बोधित करते हुए कहा कि पहले खेल उसके बाद पढाई हो तो गुणकारी होता है । खेलने वाला ही खिलखिलाता है । खेल से व्यक्तित्व के साथ साथ सबल समाज एवं राष्ट्र के निर्माण का मार्ग प्रशस्त होता है। हैंडबॉल खेल की सराहना करते हुए कुलपति ने जयप्रकाश विश्वविद्यालय के खेल कैलेंडर में हैंडबॉल सहित अन्य खेल को शामिल करने की घोषणा की ।

साथ ही संघ के मुख्य संरक्षक विधान पार्षद इंजीनियर सहित आयोजन समिति को सुदूर गांव में बेहतर आयोजन कराने के लिए धन्यवाद देते हुए जयकारा लगवाया। अतिथियों ने आयोजन समिति के सदस्यों , राज्य के कोने कोने से आये तकनीकी पदाधिकारियो सहित तीन दर्जन से अधिक लोगो को अंगवस्त्र एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया।प्रतियोगिता के बेस्ट खिलाड़ी में एकलव्य सेंटर की अंजली , बेस्ट गोलकीपर प्रिया एवं लगातार बेहतर प्रदर्शन करने वाले सारण के अभिषेक सिंह को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया। समारोह का संचालन करते हुए सारण जिला सचिव संजय कुमार सिंह ने तीन दिवसीय प्रतियोगिता का प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए कहा कि बिहार के 16 जिला से 225 खिलाड़ी प्रशिक्षक एवं टीम मैनेजर एवं 15 तकनीकी पदाधिकारी शामिल हुए । प्रतियोगिता के आयोजन की सम्पूर्ण जिम्मेवारी जिला हैंडबॉल संघ के साथ मिलकर संत जलेश्वर अकादमी पूरा किया। धन्यवाद ज्ञापन विधान पार्षद सह सारण हैंडबॉल के मुख्य संरक्षक इंजीनियर सचिदानन्द राय ने करते हुए कहा बिहार के हैंडबॉल खिलाड़ी बेटियों , सम्मानित अतिथि, खेल संघ के पदाधिकारी एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगो का हैंडबॉल खेल के माध्यम से मेरा गांव , मेरा अभिमान का हिस्सा बनने के लिए धन्यवाद दिया।