राजस्थान के बांसवाड़ा में धार्मिक स्थल को लेकर तनाव, कर्फ्यू
आज़ाद नेब ब्यूरो चीफ़ राजस्थान 
जयपुर 13 मई।  बांसवाड़ा के गोरखइमली और खांटवाड़ा में पुलिस पर पथराव के बाद शुक्रवार दोपहर में शहर में कर्फ्यू लगा दिया गया। भीड़ ने खांटवाड़ा में करीब 15 घरों में तथा कुछ वाहनों में आग लगा दी। पथराव में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए। भीड़ ने बीती रात को भी उपद्रव किया तथा कुछ जगह आगजनी की। इसके बाद रात में धारा 144 लगा दी गई। प्रशासन ने जिले भर से पुलिस बल बुला लिया गया और रात में ही शहर को छावनी बना दिया गया। जानिए क्या है मामला।
शहर के खांटवाड़ा-गोरखइमली क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान दो गुटों के युवकों में पथराव के बाद तनाव के हालात बन गए। पत्थरबाजी इस कदर हुई कि पुलिस अधिकारियों को भी बचते-बचाते निकलना पड़ा।खांटवाड़ा के पीछे एक कार के शीशे फोड़ने और आगजनी होते देखकर क्विक रेस्पोंस टीम के जवानों को एंटी राइड गैस गन चलानी पड़ी। मिर्ची जैसी आंखों में जलन पर भीड़ तितर-बितर हुई। इसके बाद प्रशासन ने धारा 144 लगा दी। इससे पहले माहौल बिगड़ने पर कलेक्टर भगवतीप्रसाद, एसपी कालूराम रावत वहां पहुंचे तथा सात थानों का जाब्ता तैनात करा। रात 11 बजे खांटवाड़ाऔर घाटी इलाके में पथराव हुअा। इसके बाद यहां रात 12.30 बजे धारा 144 लगा दी गई।  रात 12.50 बजेमदार कॉलोनी में पथराव हुआ। रात एक बजे जिलेभरसे पुलिस बल आता रहा। रात दो बजे इधर-उधर पथराव पर दौड़ती रही पुलिस। गली-मोहल्लों में लाेगों को देखते ही घरों में भेजा गया।
 
खांटवाड़ा में घाटी के पीछे आगजनी के बाद भीड़ को काबू करने में जुटी पुलिस। कालिका माता क्षेत्र में लोगों को देखते ही घरों में भीतर भेजती रही पुलिस। इस बीच, राजतालाब से गाेरखइमली और आगे कालिकामाता रोड तक एक समाज के हजारों लोग वहां डटे रहे। शबे बरात के पर्व पर खांटवाड़ा के पास पुरानी दरगाह पर कुछ युवा जियारत करने गए। उसी दौरान दो पक्षों में बहस के बाद पथराव हो गया। ऊपर घाटी से ईंटें और पत्थर इस कदर बरसाए गए कि पुलिसकर्मियों को भी एकबारगी भागना पड़ा। बाद में अतिरिक्त पुलिस और क्विक रेस्पोंस टीम पहुंची और एंटी राइड गैस गन से सेल फायर कर बलवा करने वालों को भगाया गया।
जिला मजिस्ट्रेट एवं कलेक्टर भगवतीप्रसाद ने रात डेढ़ बजे मौके से बताया कि पथराव और तोड़फोड़ के साथ उपद्रवियों ने इलाके में दो मोटरसाइकिलें फूंक डालीं। एक युवक पत्थरबाजी में घायल हुआ। पड़ोस के जिलों से भी पुलिस बल बुलाया गया है। उधर, कालिकामाता घाटे के दूसरे छोर पर पथराव जारी रहा, तो पुलिस की टुकडी़ दौड़ाई गई। यहां कुछ युवकों ने कचरा और अनुपयोगी सामान फूंक डाला। इस पर गैस गन से फायर कर उपद्रवियों को भगाया गया। कोतवाल मनीष चारण के अनुसार रात करीब 11 बजे खांटवाड़ा में कुछ युवाओं की ओर पथराव शुरू करने से तनाव उपजा। घटना में दो जने जख्मी हुए। दोनों तरफ से पथराव के चलते स्थिति बेकाबू हो गई।