आगामी 03 से 05 अक्टूबर तक भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह में होगा तीन दिवसीय राजयोग शिविर का आयोजन: बीके अनामिका दीदी

छपरा, 30 सितंबर।
तनाव, भागदौड़ और बदलती जीवनशैली के बीच स्वस्थ, समृद्ध और खुशहाल जीवन जीने के तौर- तरीकों को लेकर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्वविद्यालय, छपरा की ओर से तीन दिवसीय राजयोग शिविर का आयोजन किया जाएगा। इसकी जानकारी बुधवार को गुदरी राय के चौक स्थित स्थानीय सेवाकेंद्र के सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सेवाकेंद्र की संचालिका ब्रह्माकुमारी अनामिका दीदी ने दी। उन्होंने बताया कि शिविर का आयोजन 03 से 05 अक्टूबर- 2026 तक प्रतिदिन शाम 6 बजे से रात 8 बजे तक भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह, छपरा में होगा। शिविर का मुख्य विषय ‘स्वास्थ्य, समृद्धि और खुशी का रहस्य’ रखा गया है।

कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय काउंसलर एवं ब्रह्माकुमार प्रोफेसर ई. वी. गिरीश (मुंबई) लोगों को जीवन में सकारात्मक सोच, आत्मिक शांति और बेहतर संबंधों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन देंगे।अनामिका दीदी ने बताया कि तीन दिनों के कार्यक्रम में आध्यात्मिकता की वास्तविक पहचान, खुशहाल जीवन जीने की कला तथा संबंधों में मधुरता जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों को समस्याओं के बारे में लगातार सोचने के बजाय उनके समाधान की दिशा में सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करने के लिए प्रेरित करना है। उन्होंने शहरवासियों से तीनों दिनों के कार्यक्रम में शामिल होकर इसका लाभ लेने की अपील की है।

बीके अरविंद भाई ने बताया कि कार्यक्रम के वक्ता ई. वी. गिरीश पिछले 28 वर्षों से प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय से जुड़े हुए हैं। वह भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो), तारापुर एटॉमिक एनर्जी सेंटर, आईआईटी, भारतीय सेना, टाटा मोटर्स सहित विभिन्न सरकारी एवं गैर- सरकारी संस्थानों में मोटिवेशनल ट्रेनिंग दे चुके हैं। उन्होंने यह भी कहा कि आज के दौर में व्यक्ति के सामने बाहरी चुनौतियों के साथ- साथ मानसिक तनाव और रिश्तों में बढ़ती दूरी भी बड़ी चुनौती है। ऐसे में आत्मिक शक्ति, सकारात्मक सोच और राजयोग के माध्यम से जीवन को संतुलित बनाने की दिशा में यह शिविर उपयोगी साबित हो सकता है। इस अवसर पर बीके अनामिका दीदी, बीके अरविंद भाई, पत्रकार धर्मेंद्र रस्तोगी, बीके वीणा बहन, बीके आराधना बहन, बीके कमलावती बहन, बीके प्रियांशु बहन,बीके निर्माणा बहन सहित कई अन्य भाई और बहनें मौजूद रही।