जीत की जश्न में समर्थकों के साथ विजयी प्रत्याशी सुधीर कुमार सिंह

मढ़ौरा(सारण), 30 अगस्त2026. प्रखंड की इसरौली ग्राम पंचायत में पैक्स चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो गया. बुधवार को हुए मतदान के बाद शाम को मतगणना पूरी हुई, जिसमें निवर्तमान पैक्स अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह ने 193 मतों से शानदार जीत दर्ज की है. विजयी प्रत्याशी सुधीर सिंह को 649 मत और निकटतम प्रतिद्वंदी युगल किशोर सिंह उर्फ प्रभात कुमार सिंह को 456 मत प्राप्त हुए,183 मत अवैध घोषित हुआ।वहीं, प्रबंध कार्यकारिणी सदस्य पद पर नंद कुमार राय विजयी घोषित किए गए हैं.निर्वाची पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर के अनुसार, उत्क्रमित मध्य विद्यालय पटेढ़ी जलाल में कुल 4 मतदान केंद्र बनाए गए थे। सुबह 7:00 बजे से शाम 4:30 बजे तक चली इस प्रक्रिया में कुल 2,481 पंजीकृत मतदाताओं में से लगभग 50 प्रतिशत 1288 पैक्स मतदाताओं ने अपने मताधिकार का उपयोग किया.बुधवार शाम मढ़ौरा प्रखंड परिसर स्थित श्रम परिवर्तन पदाधिकारी के कार्यालय में दो टेबलों पर मतगणना कराई गई. प्रशासनिक सुरक्षा और व्यवस्था के बीच पूरी चुनावी प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी ढंग से संपन्न हुई. जिसके बाद बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर ने विजयी प्रत्याशी सुधीर कुमार सिंह उर्फ सोनू सिंह को जीत का प्रमाण पत्र प्रदान किया।