प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के लाभुकों को दी गई सूची में नाम की जानकारी

दैनिक खोज खबर / सोनपुर। सोनपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में सोमवार को मुखिया की अध्यक्षता में ग्राम सभा का आयोजन किया गया। ग्राम सभा में आवास प्लस एप के माध्यम से सर्वे में शामिल परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण का लाभ देने के लिए अस्थायी प्राथमिकता सूची के निर्धारण को लेकर चर्चा की गई।
ग्राम सभा के दौरान पंचायत सचिव, आवास सहायक एवं अन्य कर्मियों ने उपस्थित ग्रामीणों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण से संबंधित आवश्यक जानकारी दी। साथ ही आवास प्लस एप के माध्यम से तैयार सूची में शामिल परिवारों को उनके नाम दर्ज होने की जानकारी देते हुए योजना के तहत मिलने वाले लाभ और प्रक्रिया से अवगत कराया गया।
प्रखंड क्षेत्र में पूर्व में कुल 12 पंचायतों में ग्राम सभा आयोजित की जा चुकी है। वहीं सोमवार को भरपुरा, दूधैला, गोपालपुर, रसूलपुर, कल्याणपुर, नयागांव, परमानंदपुर, सैदपुर सहित अन्य पंचायतों में भी ग्राम सभा आयोजित की गई। संबंधित पंचायतों के पंचायत सचिव एवं आवास सहायकों ने ग्राम सभा में पहुंचकर आवास प्लस सूची में शामिल लाभुकों को विस्तृत जानकारी दी। ग्राम सभा में ग्रामीणों को बताया गया कि आवास योजना के लाभ के लिए तैयार अस्थायी प्राथमिकता सूची से संबंधित जानकारी ग्राम सभा के माध्यम से सार्वजनिक की जा रही है। इस दौरान ग्रामीणों को सूची से संबंधित आवश्यक जानकारी प्राप्त करने तथा किसी प्रकार की आपत्ति या समस्या होने पर संबंधित कर्मियों से संपर्क करने को कहा गया। कुछ ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि उनका नाम पहले सूची में थी वर्तमान की सूची में नाम गायब है तो कुछ लोगों ने कहा कि गरीबों को आवास सूची में नाम नहीं है जबकि संपन्न परिवार का नाम सूची में दर्ज है। इस संबंध में पूछे जाने पर पंचायत सचिव ने कहा कि किसी प्रकार की आपत्ति या समस्या होने पर संबंधित पंचायत के सचिब या आवास सहायक से संपर्क कर सकते हैं.मौके पर आवास सहायक शैलेश कुमार, अमर सिंह, राजीव मिश्रा, जितेंद्र कुमार, रत्नकर कुमार, रविरंजन, जितेंद्र कुमार राय, जगजीवन कुमार, अविनाश सिंह, मेराज आलम, अजय प्रताप सिंह सहित पंचायत सचिव अमरेश कुमार, मोहन लाल भगत, सोरजीत यादव, राजेश मोदी एवं अन्य कर्मी मौजूद रहे। सभी कर्मियों ने अपने-अपने पंचायतों में ग्राम सभा के आयोजन एवं लाभुकों को योजना की जानकारी देने में सहयोग किया।