लहलादपुर की कटेयां पंचायत में पात्र परिवारों के नाम कम संख्या में शामिल किए जाने का आरोप, अधिकारियों से पुनः सत्यापन और दोष मिलने पर कार्रवाई की मांग: इंजीनियर सच्चिदानंद राय

छपरा, 30 सितंबर।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) में भाजपा समर्थित सारण स्थानीय निकाय से निर्वाचित विधान पार्षद इंजीनियर सच्चिदानंद राय ने लहलादपुर प्रखंड की कटेयां पंचायत में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों की सूची को लेकर जिला प्रशासन से शिकायत की है। उन्होंने सारण के जिलाधिकारी वैभव श्रीवास्तव को पत्र भेजकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने और पात्र परिवारों को योजना का लाभ दिलाने की मांग की है। विधान पार्षद की ओर से जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि लहलादपुर प्रखंड की आठों पंचायतों में प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के लाभार्थियों की सूची में बड़ी असमानता सामने आ रही है। शिकायत के अनुसार, प्रखंड की अन्य पंचायतों में जहां प्रत्येक पंचायत में एक हजार से अधिक लाभार्थियों के नाम शामिल हैं, वहीं कटेयां पंचायत की सूची में महज 308 लाभार्थियों के नाम शामिल किया गया हैं।

विधान पार्षद इंजीनियर सच्चिदानंद राय के पत्र में ग्रामीणों द्वारा जताई गई आशंका का उल्लेख करते हुए कहा गया है कि सर्वेक्षण, सत्यापन अथवा पात्र लाभार्थियों की सूची तैयार करने की प्रक्रिया में कुछ योग्य एवं जरूरतमंद परिवार छूट गए हैं। विधान पार्षद ने कहा है कि यदि पात्र परिवार योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं तो इसका पुनः सत्यापन कराया जाना आवश्यक है। उन्होंने जिलाधिकारी से संबंधित पदाधिकारियों के माध्यम से मामले की निष्पक्ष जांच कराने तथा पात्र परिवारों का दोबारा सत्यापन कराने का आग्रह किया है। जांच में पात्र पाए जाने वाले परिवारों को प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ नियमानुसार उपलब्ध कराने की मांग की गई है। साथ ही पत्र में यह भी कहा गया है कि जांच के दौरान किसी स्तर पर त्रुटि, लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है तो नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। विधान पार्षद ने ग्रामीणों का आवेदन और हस्ताक्षर सूची भी पत्र के साथ संलग्न करते हुए इसे आवश्यक कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी को भेजा है।