
छपरा: शहर के सारण संग्रहालय में सोमवार को तीन दिवसीय भोजपुरी चित्रकला कार्यशाला का शानदार समापन हो गया। छपरा पचमेल फाउंडेशन और पटना के आसरा सेवा केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस आयोजन में बिहार के विभिन्न जिलों से आए करीब दो दर्जन कलाकारों ने कैनवास पर अपनी तूलिका से लोक संस्कृति की अनूठी छवियां उकेरीं।

समापन समारोह का उद्घाटन महाराजगंज के सांसद जनार्दन सिंह सीग्रीवाल ने किया। उन्होंने कलाकारों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन कर उनकी मुक्तकंठ से प्रशंसा की। सांसद ने कहा कि भोजपुरी क्षेत्र की विलुप्त होती चित्रकला संस्कृति को जीवंत करने वाले ये कलाकार सच्चे सम्मान के पात्र हैं। उन्होंने स्कूली छात्र-छात्राओं को भोजपुरी चित्रकला से जोड़ने की पुरजोर वकालत की।
इससे पहले, बिहार संग्रहालय के अपर निदेशक अशोक सिन्हा ने कहा कि आम लोगों के जुड़ाव के बिना भोजपुरी चित्रकला जैसी लोक कलाओं का विकास असंभव है। आयोजक डॉ. पृथ्वीराज सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर पद्मश्री श्याम शर्मा, कला समीक्षक सुनील कुमार, अरुण कुमार सिंह, हरेंद्र सिंह और ललित कुमार सिंह ने भी अपने विचार रखे।कार्यक्रम का संचालन डॉ. अमरेंद्र सिंह ने तथा धन्यवाद ज्ञापन शिवानुग्रह नारायण सिंह ने किया।




Recent Comments