
छपरा: राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (नालसा) और बिहार राज्य विधिक सेवा प्राधिकार के निर्देशानुसार सोमवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकार, सारण के प्रांगण में ‘जागृति’ स्कीम के तहत एक विशेष विधिक जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व और संचालन जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव राजीव कुमार ने किया। इस दौरान उन्होंने नालसा ‘जागृति’ योजना के उद्देश्यों पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि इस योजना का मुख्य लक्ष्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े कमजोर, वंचित और जरूरतमंद लोगों तक विधिक सहायता व सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। आर्थिक तंगी या जानकारी का अभाव किसी भी नागरिक के न्याय पाने में बाधा नहीं बनना चाहिए।
सचिव राजीव कुमार ने उपस्थित पारा विधिक स्वयं सेवकों (पीएलवी) को न्यायपालिका और आम जनता के बीच की सबसे मजबूत कड़ी बताया। उन्होंने सभी पीएलवी को निर्देश दिया कि वे सुदूर ग्रामीण और कस्बाई क्षेत्रों में जाकर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता, राष्ट्रीय लोक अदालत, मध्यस्थता और विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति अपने अधिकारों से वंचित न रहे।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में पीएलवी, विधिक सहायता कर्मी और आम नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं और कानूनी प्रश्नों का संतोषजनक समाधान भी किया गया।




Recent Comments