सोनपुर। सोनपुर प्रखंड की विभिन्न पंचायतों में भूमिहीन परिवारों को सरकारी भूमि उपलब्ध कराने के उद्देश्य से बिहार सरकार के राजस्व भूमि सुधार विभाग द्वारा अभियान बसेरा सिविल लगाया जा रहा है इसी क्रम में सोनपुर में भी पंचायत स्तर पर शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर के माध्यम से भूमिहीन परिवारों से आवश्यक कागजात एवं आवेदन प्राप्त कर आगे की प्रक्रिया पूरी करने में संबंधित कर्मी जुटे हुए हैं। सरकार के निर्देश के तहत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा एवं अति पिछड़ा वर्ग के पात्र भूमिहीन परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए यह अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में भरपुरा पंचायत भवन परिसर में भी मंगलवार को शिविर लगाया गया। यहां विकास मित्र ममता कुमारी, आवास सहायक शैलेश कुमार एवं राजस्व कर्मी नवीन सिंह सहित अन्य कर्मियों ने भूमिहीन परिवारों से आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेज प्राप्त कर रहे । शिविर में पहुंचे लोगों से वंशावली, आधार कार्ड, बैंक खाता, राशन कार्ड,भूमिहीन होने से संबंधित प्रमाण एवं अन्य जरूरी कागजात लिए गए।
कर्मियों ने बताया कि प्राप्त आवेदनों एवं दस्तावेजों को आगे की कार्रवाई के लिए अंचल कार्यालय में जमा किया जाएगा। इसके बाद अंचलाधिकारी एवं वरीय पदाधिकारियों के स्तर से आवेदनों और पात्रता की जांच की जाएगी। जांच प्रक्रिया पूरी होने के बाद पात्र भूमिहीन परिवारों को सरकारी प्रावधान के अनुसार भूमि उपलब्ध कराने की कार्रवाई की जाएगी। अभियान के तहत पात्र परिवारों को करीब तीन डिसमिल भूमि उपलब्ध कराने का प्रावधान बताया गया है।
शिविर का उद्देश्य ऐसे जरूरतमंद परिवारों को चिह्नित करना है, जिनके पास अपनी जमीन नहीं है और जो सरकारी भूमि संबंधी लाभ के पात्र हैं। पंचायत स्तर पर शिविर लगाए जाने से ग्रामीणों को अंचल कार्यालय का बार-बार चक्कर लगाने से भी राहत मिल रही है। कर्मियों द्वारा लोगों को आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी देते हुए आवेदन प्रक्रिया में सहयोग किया जा रहा है।