
आमसभा में महिलाओं हुई सम्मानित, जीविका कैडरो ने उठाई सुविधाओं और अधिकारों से जुड़ी मांगें
दैनिक खोज खबर /सोनपुर। सोनपुर प्रखंड के गोविंदचक स्थित शगुन जीविका महिला विकास स्वावलंबी सहकारी समिति लिमिटेड की वित्तीय वर्ष 2025-26 की प्रथम वार्षिक आमसभा सोमवार को आयोजित की गई। कार्यक्रम का शुभारंभ समिति के निदेशक मंडल एवं पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। आमसभा में समिति की पिछले वर्ष की गतिविधियों, उपलब्धियों, वित्तीय स्थिति तथा आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में जीविका के अधिकारियों ने महिलाओं को महिला सशक्तीकरण, वित्तीय समावेशन, आजीविका संवर्धन, सामुदायिक विकास और आत्मनिर्भरता से संबंधित योजनाओं की जानकारी दी। अधिकारियों ने महिलाओं से उनके व्यवसाय की वर्तमान स्थिति, व्यवसाय संचालन में आ रही समस्याओं तथा भविष्य में आवश्यक सहयोग के बारे में जानकारी ली। साथ ही आजीविका गतिविधियों को अधिक बेहतर एवं टिकाऊ बनाने के लिए संभावनाओं पर चर्चा की गई।
शगुन सीएलएफ के एसी संदीप कुमार ने बताया कि सीएलएफ से जुड़े आठ पंचायतों में बेहतर कार्य करने वाले कैडरों को सम्मानित किया गया। इनमें आठ सीएम, एक बुक कीपर, एक सीएनआरपी, एक एमबीके एवं एक सीएफ समेत कुल 15 महिलाओं को उनके उत्कृष्ट कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया।
आमसभा के दौरान सीएम, बुक कीपर एवं अन्य कैडरों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी विभिन्न मांगें रखते हुए कही कि जीविका से जुड़े सभी कैडरों को विभाग की ओर से आईडी कार्ड, ड्रेस, मोबाइल एवं मोबाइल रिचार्ज की सुविधा देने, स्वास्थ्य कार्ड व बीमा उपलब्ध कराने, अनुभव एवं योग्यता के आधार पर पदोन्नति, 60 वर्ष तक कार्य करने की व्यवस्था तथा कार्य के दौरान अनावश्यक दबाव पर रोक लगाने की मांग की। इसके अलावा जीविका समूहों द्वारा लिए गए बैंक ऋण की अदायगी के बाद बैंक द्वारा एनओसी उपलब्ध कराने, गृह उद्योग को बढ़ावा देने तथा महिलाओं द्वारा तैयार उत्पादों की बिक्री के लिए सरकारी स्तर पर बाजार उपलब्ध कराने की मांग भी रखी गई। अधिकारियों ने मांगों को गंभीरता से सुनते हुए उच्च अधिकारियों तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।
वार्षिक आमसभा में वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंकेक्षण प्रतिवेदन के आधार पर समिति की वित्तीय स्थिति की जानकारी सदस्यों को दी गई। समिति के शुद्ध लाभ का उपयोग आगामी वित्तीय वर्ष में स्वयं सहायता समूहों को मजबूत करने, आजीविका संवर्धन, वित्तीय समावेशन, प्रशिक्षण एवं सामुदायिक विकास की गतिविधियों को बढ़ावा देने में किए जाने पर चर्चा हुई।
मौके पर आईबीसीबी प्रबंधक मुकेश कुमार, प्रशिक्षण अधिकारी माया यादव, कम्युनिटी फाइनेंस प्रबंधक विजय लक्ष्मी कुमारी, अध्यक्ष सबिता देवी, सचिव रीमा देवी, सीसी राकेश, शौरभ, अर्चना कुमारी सहित संकुल संघ के कर्मी एवं बड़ी संख्या में जीविका से जुड़ी महिलाएं उपस्थित थीं।




Recent Comments