
पानापुर (सारण)। नेपाल के जलग्रहण क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के कारण गंडक नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। नदी के उफान पर आने से पानापुर के तटीय इलाकों में बाढ़ का खतरा गहरा गया है। सोमवार को नदी का पानी तटवर्ती क्षेत्रों के कई गांवों के निचले इलाकों और घरों तक पहुंच गया, जिससे ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है।
पिछले कई दिनों से गंडक के जलस्तर में लगातार वृद्धि दर्ज की जा रही है। रविवार तक नदी का पानी स्पर के अंतिम छोर के आसपास बह रहा था, लेकिन सोमवार की सुबह तक पानी स्पर को पार कर सारण तटबंध के मुख्य तटबंध तक पहुंच गया। जलस्तर बढ़ने के साथ पृथ्वीपुर, सेलमपुर, बसहियां, सोनबरसा, भोरहां, सारंगपुर, कोंध और रामपुर रुद्र समेत कई तटीय गांवों के निचले इलाकों में पानी फैल गया है।
दियारा की फसलें डूबीं, किसान चिंतित
गंडक के बढ़ते जलस्तर का सबसे अधिक असर दियारा क्षेत्र में देखने को मिल रहा है। दियारा में लगी धान, मक्का, ईख समेत अन्य फसलें पानी में डूब गई हैं। खेतों में लंबे समय तक पानी जमा रहने से फसलों के बर्बाद होने की आशंका को लेकर किसान चिंतित हैं। वहीं, जिन ग्रामीणों के घरों के आसपास पानी पहुंच गया है, वे परिवार और मवेशियों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाने लगे हैं।
तटबंध की निगरानी बढ़ाई गई
बाढ़ की संभावित स्थिति को देखते हुए प्रशासन और बाढ़ नियंत्रण विभाग सतर्क हो गया है। विभाग के पदाधिकारी और कर्मी तटबंध की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। तटबंध पर किसी तरह की स्थिति उत्पन्न न हो, इसके लिए निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने अधिकारियों और कर्मियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। संभावित आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियों की भी समीक्षा की जा रही है।




Recent Comments