
• 78 रंग पुरोधाओं को सामूहिक नमन, ‘रश्मिरथी’ और ‘भीष्म : एक योद्धा’ ने बांधा समां
दैनिक खोज खबर/छपरा। वरिष्ठ रंगकर्मी, फिल्मकार एवं अधिवक्ता स्वर्गीय बिपिन बिहारी श्रीवास्तव के जन्मदिवस के अवसर पर भिखारी ठाकुर प्रेक्षागृह, छपरा में आयोजित “बिपिन बिहारी श्रीवास्तव नाट्योत्सव 2026” श्रद्धा, स्मृति और रंग-सृजन का अद्वितीय संगम बन गया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बिपिन बिहारी श्रीवास्तव सहित सारण प्रमंडल के 78 दिवंगत रंग पुरोधाओं को सामूहिक श्रद्धांजलि अर्पित की गई। सभा की अध्यक्षता विधान परिषद सदस्य प्रो. वीरेन्द्र नारायण यादव ने की। मुख्य अतिथियों में एसीजेएम सह सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकार राजीव कुमार, वरिष्ठ रंगकर्मी डॉ. लाल बाबू यादव, बिहार इप्टा की ताप्ति वर्मा, सुरेन्द्र नाथ त्रिपाठी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। वक्ताओं ने स्वर्गीय बिपिन बिहारी श्रीवास्तव के रंगकर्म, सांस्कृतिक योगदान और सामाजिक सरोकारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। साथ ही सारण प्रमंडल के दिवंगत रंगकर्मियों को सामूहिक श्रद्धांजलि देने की नई परंपरा स्थापित करने के लिए आयोजक डॉ. अमित रंजन की सराहना की। कार्यक्रम का संचालन प्रो. शकील अनवर ने किया। द्वितीय सत्र में शाम छह बजे से आयोजित “रंग श्रद्धांजलि” का उद्घाटन प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्री पुनीत कुमार गर्ग ने किया। इस अवसर पर छपरा बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रवि रंजन प्रसाद सिंह, लोक अभियोजक सर्वजीत ओझा, रंगकर्मी पशुपति नाथ अरुण, डॉ. लाल बाबू यादव सहित अनेक साहित्यकार, कलाकार एवं रंगप्रेमी उपस्थित थे। रंग श्रद्धांजलि की शुरुआत स्वर्गीय बिपिन बिहारी श्रीवास्तव द्वारा गाए गए गीत पर नन्हीं कलाकार आराध्या अभिनव के भावपूर्ण नृत्य से हुई, जिसने दर्शकों को भावविभोर कर दिया। इसके उपरांत युद्ध की विभीषिका के विरुद्ध शांति, अमन और मानवता के संदेश को केंद्र में रखकर राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की अमर कृति “रश्मिरथी” का प्रभावशाली मंचन प्रस्तुत किया गया। नाट्यांतरण, निर्देशन एवं रंग परिकल्पना डॉ. अमित रंजन की थी, जबकि संगीत संयोजन कंचन बाला एवं टुन्नू तनहा ने किया।
नाटक में कर्ण की भूमिका पत्रकार डॉ. मनोरंजन पाठक, कृष्ण की भूमिका डॉ. अमित रंजन, परशुराम की भूमिका डॉ. प्रशांत चेतन, कुंती की भूमिका कंचन बाला, इन्द्र की भूमिका शैलेन्द्र कुमार शाही, समय की भूमिका डॉ. अभिलाषा मिश्रा, नटी की भूमिका आयुषी परासर, दुर्योधन की भूमिका पंकज कुमार, भीम की भूमिका अमितेश तथा अर्जुन की भूमिका शशांक सौरभ ने निभाई। वहीं कोरस में शालिनी, नंदनी, श्रुति गुप्ता, आशीष कुमार सिंह, युद्ध प्रताप तिवारी, अमित भारद्वाज सहित अन्य कलाकारों ने प्रभावी प्रस्तुति दी। कार्यक्रम के अगले चरण में रिया राज द्वारा प्रस्तुत मनभावन नृत्य ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। इसके बाद गोपालगंज की रंगमंचीय टीम ने “भीष्म : एक योद्धा” नाटक का सफल मंचन किया। नाटक के लेखक धनंजय तथा निर्देशक अनिकेत मिश्रा थे। कलाकारों की सशक्त प्रस्तुति और प्रभावी निर्देशन ने दर्शकों की खूब सराहना प्राप्त की। पूरे आयोजन ने न केवल स्वर्गीय बिपिन बिहारी श्रीवास्तव को सच्ची रंग-श्रद्धांजलि अर्पित की, बल्कि सारण की समृद्ध रंगपरंपरा और सांस्कृतिक विरासत को भी नई ऊर्जा प्रदान की।




Recent Comments