दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। मशरक छपरा थावे रेलखंड पर राजापट्टी रेलवे स्टेशन के समीप एक दर्दनाक रेल हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। सूचना मिलते ही रेलवे पुलिस और स्थानीय प्रशासन मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गया। मृतक की पहचान छपरा नगर थाना क्षेत्र के मुफस्सिल चौक निवासी शिवम कुमार उर्फ दीपक के रूप में हुई है। वह स्वर्गीय ओमप्रकाश राय का पुत्र था। प्राप्त जानकारी के अनुसार शिवम कुमार गोपालगंज से छपरा जाने के लिए ट्रेन संख्या 55109 थावे-छपरा पैसेंजर ट्रेन से यात्रा कर रहा था। इसी दौरान राजापट्टी रेलवे स्टेशन के समीप वह ट्रेन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना रेलवे पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची रेलवे पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा घटना से संबंधित आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी। बताया जाता है कि शिवम कुमार अविवाहित था। रेल पुलिस ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।