दैनिक खोज खबर/छपरा। फाइलेरिया (हाथीपाँव) जैसी गंभीर बीमारी से बचाव के उद्देश्य से चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन अभियान के अंतर्गत 28 फरवरी तक सभी नागरिकों से अपील की जा रही है कि वे निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही दवा का सेवन अवश्य करें। यह दवा आपके घर तक पहुंचाई जा रही है, इसलिए स्वयं भी दवा लें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें। इसी क्रम में सेहत सही लाभ कई कार्यक्रम, जो कि सीकिंग मॉडर्न एप्लीकेशन फॉर रियल ट्रांसफॉर्मेशन द्वारा प्रायोजित है और रेडियो मयूर पर प्रसारित होता है, के तहत आज रेडियो मयूर की टीम ने शहर के प्रतिष्ठित स्किल्स एजुकेशन संस्थान एनसीसी कंप्यूटर्स प्राइवेट लिमिटेड में युवाओं के बीच जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के दौरान टीम ने फाइलेरिया से बचाव हेतु दवा सेवन के महत्व पर विस्तार से चर्चा की। युवाओं को एक प्रेरक वीडियो फिल्म भी दिखाई गई, जिसमें फाइलेरिया से पीड़ित एक मरीज की कहानी प्रस्तुत की गई थी। फिल्म के माध्यम से बीमारी की गंभीरता, इसके दुष्परिणाम और समय पर दवा लेने की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से समझाया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं ने बीमारी की गंभीरता को समझते हुए स्वयं दवा सेवन करने तथा दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया।आउटरीच कार्यक्रम में टीम के सदस्य सुलोचना शॉ, श्वेता कुमारी और अभिषेक अरुण सक्रिय रूप से शामिल रहे और युवाओं को दवा सेवन के लिए प्रेरित किया।

रेडियो मयूर 90.8 FM सभी नागरिकों से पुनः अपील करता है कि फाइलेरिया से बचाव की निःशुल्क दवा अवश्य खाएं और हाथीपाँव जैसी बीमारी से स्वयं को तथा अपने परिवार को सुरक्षित रखें।

– रेडियो मयूर 90.8 FM, छपरा