
मोदी सरकार के 12 वर्ष : सेवा, सुशासन और विकास का स्वर्णिम काल- राजीव प्रताप रूडी
दैनिक खोज खबर/छपरा। सारण के सांसद, पूर्व केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव प्रताप रूडी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर इसे देश के विकास और सुशासन का स्वर्णिम काल बताया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने स्वतंत्र भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक निर्वाचित प्रधानमंत्री के रूप में नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सांसद रूडी ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश के 25 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। साथ ही 81 करोड़ नागरिकों को मुफ्त राशन और 4 करोड़ से अधिक परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। डिजिटल इंडिया, स्टार्टअप और आत्मनिर्भर भारत जैसे अभियानों ने देश को वैश्विक स्तर पर एक नई पहचान दी है। बिहार के विकास का जिक्र करते हुए उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार द्वारा राज्य को 9.23 लाख करोड़ रुपये से अधिक की वित्तीय सहायता और 1.25 लाख करोड़ रुपये का विशेष पैकेज दिया गया है। इससे बिहार में रेलवे, सड़क, स्वास्थ्य और विमानन क्षेत्र का तेजी से विस्तार हुआ है। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के साझा प्रयासों से सारण क्षेत्र को भी कई बड़ी सौगातें मिली हैं। इनमें बाकरपुर-डुमरिया घाट फोरलेन, गंगा-अम्बिका भवानी पथ, नया छह लेन गंगा पुल, हरिहरनाथ कॉरिडोर और सोनपुर ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट जैसी ऐतिहासिक परियोजनाएं शामिल हैं, जो क्षेत्र को उद्योग और पर्यटन का नया केंद्र बनाएंगी। इसके अलावा अनुच्छेद 370 की समाप्ति और श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण को उन्होंने राष्ट्रीय गौरव का प्रतीक बताया।




Recent Comments