दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)।जिला कृषि पदाधिकारी डॉ. मधुरेन्द्र कुमार सिंह ने शनिवार को मढ़ौरा प्रखंड कृषि कार्यालय और स्थानीय बाजार की रिटेल खाद-बीज दुकानों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ई-किसान भवन में कृषि कर्मियों की उपस्थिति और फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की। कार्य में शिथिलता को लेकर डीएओ ने संबंधित कर्मियों को कड़ी फटकार लगाई और फार्मर रजिस्ट्री के काम में तेजी लाने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि जिन किसानों के नाम से जमीन की ऑनलाइन रसीद नहीं कट रही है, उन्हें अपने नाम पर जमीन का दाखिल-खारिज और परिमार्जन कराने के लिए प्रेरित किया जाए, ताकि उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने आगामी 18 जून को आयोजित होने वाले खरीफ महोत्सव की सूचना गांव-गांव के किसानों तक पहुंचाने का निर्देश दिया। प्रखंड कार्यालय के निरीक्षण के बाद डीएओ ने मढ़ौरा बाजार स्थित किसान बीज भंडार और बिहार बीज भंडार सहित कई रिटेल खाद-बीज दुकानों की सघन जांच की। उन्होंने मुख्य रूप से स्टॉक और बिक्री रजिस्टर का मिलान किया। दुकानदारों को कड़ी चेतावनी देते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिदिन की बिक्री और स्टॉक रजिस्टर को अनिवार्य रूप से अपडेट रखें। नियमों की अनदेखी करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।इस मौके पर प्रखंड कृषि पदाधिकारी सरोज कुमार, कृषि समन्वयक निलेश कुमार, रजनीश कुमार, राम विशाल राय और कृषि सलाहकार अखिलेश कुमार, राजू कुमार, छठू कुमार सिंह आदि लोग उपस्थित थे।

__