मुख्य सचिव ने कोरोना की रोकथाम पर जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक के साथ की संयुक्त बैठक

  • मुख्य सचिव ने शहरों के दुकानदारों एवं उनके स्टाफ का शत प्रतिशत टीकाकरण करवाने का दिया निर्देश
  • टीम का गठन कर 48 घंटे के अंदर शहर के सभी दुकानदार और उनके स्टाफ का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं-जिलाधिकारी 
  • रेेलवे स्टेशन, बस अड्डों के साथ-साथ अन्य जगहों पर टेस्टिंग बढ़ाने के साथ मास्क चेकिंग की जाए। 

मोतिहारी ,03 जुलाई।
मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में कोरोना की रोकथाम एवं लॉकडाउन की स्थिति की समीक्षात्मक बैठक की गई। जिसमें सभी जिलों के जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक संयुक्त रूप से शामिल थे। मुख्य सचिव ने शहरों के सभी दुकानदारों और उनके स्टाफ को शत-प्रतिशत टीकाकरण करवाने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्देशित किया कि मास्क जांच अभियान लगातार चलाया जाए। रेलवे स्टेशन एवं बस अड्डों के साथ-साथ अन्य जगहों पर टेस्टिंग ज्यादा से ज्यादा सुनिश्चित करायी जाए। साथ ही शहरों में शत प्रतिशत टीकाकरण कराया जाए।

  • पॉजिटिव केस आने पर बने माइक्रो कंटेनमेंट जोन:
    मुख्य सचिव ने कहा कि  कोविड 19 पॉजिटिव केस आने पर माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाकर सभी लोगों  की जांच करायी  जाए। बैठक के बाद पूर्वी चम्पारण के जिलाधिकारी शीर्षत कपिल अशोक ने सिविल सर्जन डॉ अखिलेश्वर प्रसाद सिंह को मुख्य सचिव द्वारा जारी किए आदेशों को पालन करने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने कहा कि टीम का गठन कर 48 घंटे के अंदर शहर के सभी दुकानदार और उनके स्टाफ का टीकाकरण सुनिश्चित कराएं।
  • कोविड की तीसरी लहर से बचाव के लिए टीकाकरण की बढ़े रफ्तार :
    जिलाधिकारी ने कहा कि कोरोना की तीसरी लहर से जिले वासियों के बचाव के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों ,व आंगनबाड़ी केंद्रों पर जाँच के साथ कोविड टीकाकरण किया जा रहा है। जिले में कोविड 19 टीकाकरण में रफ्तार बढ़ाने के उद्देश्य से सदर अस्पताल के साथ प्रखंडों के स्वास्थ्य केंद्रों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर कोविड 19 टीकाकरण के लक्ष्य प्राप्ति के लिए 18 वर्षों से ऊपर के लाभुकों का टीकाकरण किया जा रहा है । जिले में कोरोना के मामलों में काफी कमी आई है। इससे बचाव के लिए टीकाकरण जरूरी है । जिलाधिकारी द्वारा सिविल सर्जन को प्रतिदिन अस्पताल के संबंध में समीक्षा करने का निर्देश दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा जब तक सभी लोगों का टीकाकरण नहीं  हो जाता कोरोना काल में सावधानी बरतने की जरूरत है । कोरोना से डरने की नहीं, बल्कि सावधानी पूर्वक लड़ने की आवश्यकता है। बिना कारण भीड़ भाड़ में न जाएं । इस बैठक में सिविल सर्जन एवं स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारी उपस्थित थे।
  • टीकाकरण के बाद भी निम्न कोविड प्रोटोकॉल का करते रहें पालन:-
  • अपनी बारी आने पर टीकाकरण अवश्य कराएं ।
  • मास्क का प्रयोग अवश्य करें।
  • हाथों को बार-बार पानी और साबुन से धोएं या सैनिटाइज करें ।
  • परस्पर सामाजिक दूरी बनाकर रखें।
  • कार्य के दौरान अति आवश्यक वस्तु को ही छूएँ 
  • अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें । घरों में सुरक्षित रहें ।