मांझी में ट्रेन से गिर युवक की मौत
मांझी(सारण) : छपरा बलिया रेलखंड पर स्थित मांझी रेलवे स्टेशन से लगभग आधा किमी पूरब सियालदह बलिया एक्सप्रेस ट्रेन से गिरकर एक ब्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना पाकर पहुंची मांझी थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा भेज दिया। घटना स्थल पर पहुंची रेल पुलिस ने आशंका जाहिर की कि मृतक को ट्रेन के दरवाजे पर बैठे बैठे नींद आ गई होगी और वह गिर गया होगा। शव की पहचान उसके जेब से मिले आधार कार्ड से हुई। उसके जेब में आधार कार्ड के अलावा दानकुंडी (पश्चिम बंगाल) से बलिया (यूपी) का टिकट व 730 रुपये नकद पाया गया।
मृतक बलिया जिले के हल्दी थाना क्षेत्र के मझौआ का रहने वाला बताया जाता है। मालूम हो कि घटनास्थल से महज पांच सौ मीटर पूरब स्थित नव निर्मित मांझी रेलवे स्टेशन के पास रेल ट्रैक पार करते वक्त कौरुधौरु गांव निवासी गुरु दयाल भगत के पुत्र प्रमोद भगत की कल दोपहर ट्रेन से कटकर दर्दनाक मौत हो गई थी।