मांझी(सारण)। पूर्व मंत्री तथा महाराजगंज के विधायक विजय शंकर दुबे ने मांझी पूर्वी पंचायत तथा मांझी पश्चिमी पंचायत को जोड़कर मांझी नगर पंचायत बनाये जाने तथा कोपा को नगर पंचायत बनाये जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दिलाने के लिए सीएम नीतीश कुमार तथा नगर विकास मंत्री को बधाई दी है। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए बिहार के विकास की दिशा में सार्थक प्रयास बताया है। श्री दुबे ने बताया कि एक वर्ष पूर्व उन्होंने इस आशय का प्रस्ताव बनवाकर सरकार के विचारार्थ भेजा था। उन्होंने बताया कि उनके कार्यकाल में मांझी के लिए स्वीकृत तमाम योजनाएं नीयत समय से पूरी होंगी। उन्होंने कहा कि महाराजगंज के साथ साथ मांझी के विकास की दिशा में वे सतत प्रयासरत हैं तथा शीघ्र ही वे मांझी विधान सभा का भ्रमण भी करेंगे।