मांझी इंटर कॉलेज में प्राचार्य पद को लेकर जारी विवाद में ताजा मामला दुर्व्यवहार करने का आरोप लगा प्राथिमिकी दर्ज

मांझी(सारण)। प्राचार्य पद को लेकर मांझी महाविद्यालय में चल रही रस्साकस्सी तथा विवाद के निवारण की दिशा में जिला प्रशासन की उदासीनता के बाद दिन ब दिन मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोमवार को महाविद्यालय के कार्यालय में चल रही बैठक के दौरान एक पक्ष द्वारा कथित रूप से दो दर्जन से अधिक लोगों द्वारा पहुंच कर गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार किये जाने के बाद प्रभारी प्राचार्य पृथ्वीनाथ ओझा ने मांझी थाने में प्राथमिकी दर्ज करा दी है। दर्ज प्राथमिकी में कहा गया है कि सोमवार को कालेज की व्यवस्था को लेकर एक कक्ष में शिक्षकों व कर्मियों की एक बैठक चल रही थी। इसी बीच महाराजगंज पुरानी बाजार निवासी राजकिशोर गुप्ता जो कालेज के किसी पद पर नही हैं, वहीं महाराजगंज के ही अनिल कुमार सिंह 25 से 30 लोगों के साथ पहुंचे और कालेज के बड़ा बाबु ओम प्रकाश सिंह के साथ मार-पीट करने के साथ हीं कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज व अभद्र व्यवहार करने लगे। उनको व्याख्याता कक्ष से धक्का देकर बाहर निकाल दिया गया तथा सभी कक्षों में ताला जड़ दिया गया। ताला राजकिशोर गुप्ता खुद लेकर आये थे। मंगलवार को भी रस्साकस्सी जारी रहा। कॉलेज में तालाबंदी देख सैकड़ों छात्र छात्राएं बैरंग वापस लौटने पर मजबूर हुए। दोनों पक्षों में पूरे दिनभर पंचायती आदि का दौर चलता रहा। हालांकि बातचीत बेनतीजा रहा। बावजूद इसके शाम को राजकिशोर गुप्ता ने तालाबंदी समाप्त कर सभी कक्षों में लगा ताला खोलवा दिया। उन्होंने बताया कि स्थानीय लोगों ने शनिवार को कॉलेज परिसर में दोनों पक्षों के बीच पंचायती होगी। कॉलेज परिसर में किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो इसे लेकर मंगलवार को मांझी थाना पुलिस दिन भर सक्रिय रही।
कॉलेज में जारी रस्साकस्सी के बाद अब स्थानीय लोग भी मुखर होने लगे हैं। खासकर सोशल मीडिया पर जिला प्रशासन के प्रति लोग बेहद नाराज हैं। कई लोगों ने कहा कि यदि जिला प्रशासन इस विवाद के निपटारे की पहल नही करता है तो लोग कॉलेज को बचाने के लिए आंदोलन करेंगे। लोगों का कहना है कि दो पक्षों की लड़ाई में छात्रों का भविष्य दांव पर लग गया है। लोगों का यह भी कहना है कि कॉलेज को लूट का अड्डा नही बनने दिया जाएगा।




Recent Comments