महाराजगंज लोकसभा चुनाव : मांझी प्रखंड के तीन बूथों पर “रोड नही तो वोट नहीं” का नारा कामयाब रहा

मांझी(सारण) : मांझी प्रखंड के तीन बूथों पर रोड नही तो वोट नही का का नारा कामयाब रहा। मांझी जैतपुर सड़क निर्माण की मांग को लेकर तीन माह से आंदोलन रत सोनबरसा बीन टोलिया रघुनाथ गिरी के मठिया लीलाधर गिरी के मठिया धूमन गिरी के मठिया के लगभग पांच हजार की आबादी ने शत प्रतिशत मतदान का बहिष्कार किया। इन गांवों के लिए बने तीन बूथों क्रमशः 111 112 तथा 128 पर एक भी मतदाता नही पहुंचा। एकता समिति के बैनर तले चलाये गये आंदोलन से पूरा प्रशासनिक महकमा हलकान रहा। स्थानीय सीओ दिलीप कुमार बीडीओ मिथिलेश बिहारी वर्मा के अलावा सदर एसडीओ लोकेश मिश्रा तथा एसडीपीओ अजय कुमार द्वारा किये गये आग्रह को भी ग्रामीणों ने अनसुना कर दिया। ग्रामीणों के आंदोलन से प्रभावित होकर विधायक बिजय शंकर दुबे ने मांझी जैतपुर सड़क के शीघ्र निर्माण की घोषणा की है। उक्त बूथों पर मतदान कर्मी दिन भर मतपेटी के साथ मतदाताओं की प्रतीक्षा करते रहे। और शाम को उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ा। हालांकि ग्रामीणों ने मतदान कर्मियों की भरपूर खातिरदारी की।