
दैनिक खोज खबर/मशरक (सारण)। बिहार शिक्षा परियोजना के निर्देशानुसार प्रत्येक माह के द्वितीय बुधवार को आयोजित होने वाली मासिक गुरुगोष्ठी का आयोजन प्रखंड संसाधन केंद्र मशरक में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आफताब आलम ने की। बैठक में प्रखंड के सभी प्रधानाध्यापक, प्रधान शिक्षक एवं विद्यालय प्रतिनिधि उपस्थित रहे। बैठक की शुरुआत सभी प्रतिभागियों के स्वागत एवं परिचय से हुई। इसके पश्चात प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आफताब आलम ने विभागीय दिशा-निर्देशों के अनुरूप गुरुगोष्ठी के एजेंडा पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने विद्यालयों के शैक्षणिक वातावरण को सुदृढ़ बनाने, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण, नियमित विद्यालय निरीक्षण, कक्षा-कक्ष अवलोकन, पुस्तकालय, आईसीटी, एसएमसी/पीटीएम की सक्रियता तथा निपुण विद्यालय के लक्ष्यों की प्राप्ति पर विशेष बल दिया। गुरुगोष्ठी के दौरान विभिन्न विद्यालयों के उत्कृष्ट कार्यों एवं नवाचारों को साझा किया गया। साथ ही विद्यालय संचालन के दौरान आने वाली चुनौतियों पर विचार-विमर्श कर उनके व्यावहारिक समाधान सुझाए गए। आगामी माह के लिए विद्यालयवार कार्ययोजना तैयार करने, विभागीय प्राथमिकताओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा सभी ऑनलाइन एवं ऑफलाइन कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश भी दिए गए।
बैठक के अंत में प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी आफताब आलम ने सभी प्रधानाध्यापकों एवं प्रधान शिक्षकों से विभागीय निर्देशों का अक्षरशः पालन करते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा सुनिश्चित करने का आह्वान किया तथा समय पर प्रतिवेदन एवं उपस्थिति विवरण अपलोड करने का निर्देश दिया। गुरुगोष्ठी का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ संपन्न हुआ।




Recent Comments