
मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय प्रखंड सभागार में बुधवार को 20 सूत्री कार्यान्वयन समिति की बैठक प्रखंड विकास पदाधिकारी अभिषेक कुमार प्रभाकर की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में क्षेत्र के विकास और सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की गई।बैठक के दौरान जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। मुख्य रूप से सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड से नाम कटने की समस्या और जनवितरण प्रणाली में आ रही दिक्कतों पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान नए राशन कार्ड के लिए आवेदन प्रक्रिया शुरू होने की जानकारी भी दी गई। इसके अलावा, स्थानीय स्वास्थ्य केंद्रों और विद्यालयों की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग रखी गई। अनुमंडल अस्पताल प्रभारी डॉ. वीरेश कुमार से स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर तीखे सवाल पूछे गए,जिसका उन्होंने जवाब दिया। बीडीओ ने सभी विभागीय अधिकारियों को समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याओं का समय पर निराकरण प्राथमिकता है। बैठक में अंचल अधिकारी, बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने बेहतर समन्वय के साथ विकास कार्यों में तेजी लाने का संकल्प लिया।




Recent Comments