बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर को आईना दिखाएंगे मतदाता: जितेन्द्र कुमार राय
मढ़ौरा (सारण)। राजद विधायक जितेन्द्र कुमार राय ने बांकीपुर उपचुनाव को लेकर प्रशांत किशोर पर निशाना साधा है। मढ़ौरा में एक निजी कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बिहार में बदलाव के नाम पर प्रशांत किशोर का ‘फ्लॉप शो’ जनता देख चुकी है। अब बांकीपुर की बारी है, जहां के जागरूक मतदाता उन्हें आईना दिखाने का काम करेंगे।
राजद की जीत का दावा
विधायक ने विश्वास जताया कि बांकीपुर उपचुनाव में राजद बड़ी जीत दर्ज करेगी। उन्होंने कहा कि 2025 के विधानसभा चुनाव में राजद को वहां 50 हजार से अधिक वोट मिले थे। तब वह चुनाव एक सेमीफाइनल था और अब उपचुनाव में राजद फाइनल जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह तैयार है।
मढ़ौरा चीनी मिल पर सरकार की पहल सकारात्मक
मढ़ौरा चीनी मिल के निरीक्षण के लिए गन्ना विभाग के अधिकारियों के दौरे पर विधायक ने इसे सरकार का सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि उन्होंने स्वयं मुख्यमंत्री से मिलकर बंद चीनी मिल को लेकर ज्ञापन सौंपा था। मुख्यमंत्री ने उन्हें आश्वस्त किया है कि सरकार मिल को पुनः शुरू करने के लिए गंभीर है। इसके लिए केंद्र सरकार से मिल की जमीन वापस लेने की प्रक्रिया पर काम चल रहा है।विधायक ने कहा कि मढ़ौरा नगर और प्रखंड क्षेत्र तेजी से विकास की ओर अग्रसर है, और बड़े ब्रांडों के आउटलेट का खुलना इसी प्रगति का प्रमाण है। इस अवसर पर जिप सदस्य मीना अरुण, मुखिया संजीव सिंह, मनोज कुमार सिंह, मुन्ना कुमार, रंजीत राय, हरेन्द्र राय और बलिराम सिंह सहित अन्य लोग उपस्थित थे।