दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा(सारण)। स्थानीय नगर पंचायत में भीषण गर्मी के बीच आम जनता और राहगीरों के लिए एक राहत भरी खबर है। स्टेशन रोड में पिछले एक सप्ताह से भी अधिक समय से खराब पड़े दो वाटर एटीएम मशीनों को सोमवार को दोबारा चालू कर दिया गया। दरअसल, मढ़ौरा स्टेशन रोड पर बंधन बैंक के समीप और मिडिल स्कूल के पास स्थित वाटर एटीएम मशीनें तकनीकी खराबी के कारण बंद पड़ी थीं। इस समस्या को प्रमुखता से उठाए जाने के बाद नगर पंचायत प्रशासन ने तुरंत संज्ञान लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए जल चुके मोटरों को दुरुस्त कराया गया, जिसके बाद दोनों जगहों पर पेयजल की आपूर्ति बहाल हो गई। इस भीषण तपती गर्मी में वाटर एटीएम के फिर से चालू होने से स्थानीय दुकानदारों, बाजार आने वाले आम लोगों और राहगीरों ने खुशी जाहिर की है। लोगों का कहना है कि इस मौसम में यह सुविधा उनके लिए किसी संजीवनी से कम नहीं है, क्योंकि अब उन्हें महंगे दामों पर बोतल बंद पानी खरीदने की मजबूरी से मुक्ति मिल गई है। हालांकि, स्टेशन रोड के कुल तीन वाटर एटीएम में से दो को ठीक कर दिया गया है, जबकि एक अब भी खराब है। स्थानीय निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि तीसरे एटीएम को भी जल्द से जल्द ठीक कराया जाए ताकि लोगों को शत-प्रतिशत सुविधा मिल सके।

__