दैनिक खोज खबर /मांझी (सारण)। नगर पंचायत मांझी के उत्तर टोला में प्रधानमंत्री कुसुम योजना के तहत स्थापित उत्तर बिहार के पहले 2.9 मेगावाट क्षमता वाले सोलर पावर प्लांट का सोमवार को औपचारिक उद्घाटन किया गया। नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के पदाधिकारी राजीव कुमार सिंह एवं राकेश कुमार मिश्रा ने संयुक्त रूप से फीता काटकर इस संयंत्र की शुरुआत की। लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस महत्वाकांक्षी परियोजना को उत्तर बिहार में स्वच्छ और हरित ऊर्जा उत्पादन की दिशा में एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। समारोह को संबोधित करते हुए हैवल्स के अधिकारी नित्यानंद राय ने बताया कि प्रधानमंत्री कुसुम योजना के अंतर्गत स्थापित यह उत्तर बिहार का पहला ग्रिड-कनेक्टेड सोलर पावर प्लांट है। यह संयंत्र व्यावसायिक स्तर पर बिजली का उत्पादन कर सीधे राज्य के विद्युत ग्रिड को आपूर्ति करेगा। उन्होंने सौर ऊर्जा को भविष्य की सबसे भरोसेमंद, सुरक्षित और टिकाऊ ऊर्जा बताते हुए कहा कि ऐसी परियोजनाएं देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता और हरित विकास के राष्ट्रीय संकल्प को पूरा करने में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। इस प्लांट का तकनीकी कार्य हैवल्स के सहयोग से पूरा किया गया है। कंपनी के प्रतिनिधियों के अनुसार, इस संयंत्र से प्रतिदिन पर्यावरण-अनुकूल बिजली का उत्पादन होगा, जिससे पारंपरिक ऊर्जा स्रोतों पर निर्भरता कम होगी और कार्बन उत्सर्जन में बड़ी गिरावट आएगी। यह परियोजना न केवल ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करेगी, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों के नए अवसर भी पैदा करेगी। स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों और बिजली विभाग के अधिकारियों ने इस परियोजना की सराहना करते हुए इसे क्षेत्र के विकास का एक नया अध्याय बताया। उद्घाटन के बाद अधिकारियों और तकनीकी विशेषज्ञों ने विक्ट्री साइन दिखाकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। इस अवसर पर प्लांट संचालक विकास सिंह, मनीष कुमार सिंह, विद्युत कार्यपालक अभियंता गुफरान अहमद, सहायक अभियंता नीरज कुमार, सौरभ राय सहित भारी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे।