दैनिक खोज खबर/इसुआपुर(सारण)। प्रखंड क्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से अनियमित बिजली आपूर्ति के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के बीच लगातार बिजली कटौती और कम समय तक आपूर्ति होने से आम जनजीवन प्रभावित हो गया है। दिन और रात में बार-बार बिजली गुल रहने से लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को हो रही है, जिन्हें गर्मी और उमस के बीच राहत नहीं मिल पा रही है।

ग्रामीणों के अनुसार कई इलाकों में घंटों बिजली नहीं रहने से छोटे व्यवसाय, दुकानें तथा बिजली पर निर्भर अन्य कार्य भी प्रभावित हो रहे हैं। विद्यार्थियों की पढ़ाई पर भी इसका असर पड़ रहा है। शाम और रात के समय बिजली कटौती के कारण छात्रों को परीक्षा की तैयारी और नियमित अध्ययन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गई है, लेकिन स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। इस संबंध में इसुआपुर विद्युत उपकेंद्र के कनीय अभियंता (जेई) मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि 33 हजार वोल्ट की मसरख विद्युत लाइन में जंफर कट जाने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। तकनीकी खराबी की सूचना मिलते ही विभागीय कर्मियों द्वारा मरम्मत कार्य शुरू कर दिया गया और आपूर्ति को जल्द सामान्य करने का प्रयास किया गया। उन्होंने बताया कि तकनीकी समस्या दूर होने के बाद क्षेत्र में नियमित बिजली आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी तथा उपभोक्ताओं को नियमित बिजली उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है।