दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। प्रखंड क्षेत्र की सभी पंचायतों में रविवार को ‘पंचायत विकास दिवस’ शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को सरकारी योजनाओं से अवगत कराना और उनके विकास कार्यों पर चर्चा करना था। शिविर में स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं की भागीदारी उल्लेखनीय रही।
शिविरों में संबंधित पंचायतों के मुखिया और वार्ड सदस्यों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। इन जन-प्रतिनिधियों ने ग्रामीणों को राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों के स्वरूप और उनके लाभों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। लोगों ने भी अपनी समस्याओं और जरूरतों को मजबूती से अधिकारियों के समक्ष रखा।मढ़ौरा अनुमंडल पदाधिकारी निधि राज ने कई पंचायतों में लगे शिविरों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति ने इस आयोजन को न केवल सफल बनाया, बल्कि जमीनी स्तर पर विकास कार्यों की गति को भी नई दिशा दी है।