महावीरी विद्यालय, विजयहाता में आयोजित हुआ स्वैच्छिक रक्तदान शिविर

सिवान, 28 जून। विद्या भारती पूर्व छात्र परिषद्, सिवान के तत्वावधान में रविवार को महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता के परिसर में स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का सफल आयोजन किया गया। शिविर के आयोजन में भारत विकास परिषद्, देशरत्न शाखा, सिवान तथा प्रभा कम्पोनेन्ट ब्लड सेंटर, सिवान का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
पूर्व छात्र परिषद्, सिवान के संयोजक समर प्रताप सिंह ने बताया कि शिविर में महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर के पूर्व छात्रों सहित कुल 75 लोगों ने भाग लिया। सभी प्रतिभागियों को स्वैच्छिक रक्तदान के महत्व, उसके सामाजिक दायित्व तथा जरूरतमंद मरीजों के जीवनरक्षण में उसकी भूमिका के प्रति जागरूक किया गया। जागरूकता अभियान के सकारात्मक परिणामस्वरूप 35 लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वैच्छिक रक्तदान कर मानव सेवा का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया।

पूर्व छात्र परिषद्, उत्तर बिहार प्रांत के मार्गदर्शक अनिल कुमार राम ने कहा कि विद्या भारती के पूर्व छात्र केवल शिक्षा के क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि सामाजिक उत्तरदायित्वों के निर्वहन में भी अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पूर्व छात्रों एवं समाज के जागरूक नागरिकों के सहयोग से आयोजित यह रक्तदान शिविर अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा। ऐसे आयोजन समाज में सेवा, समर्पण और मानवीय संवेदनाओं को सुदृढ़ करने का कार्य करते हैं।
उल्लेखनीय है कि रक्तदान शिविर का उद्घाटन विद्या भारती के सिवान विभाग निरीक्षक एवं पूर्व छात्र परिषद् के प्रांतीय मार्गदर्शक अनिल कुमार राम, पूर्व छात्र परिषद्, सिवान के संयोजक समर प्रताप सिंह, भारत विकास परिषद्, देशरत्न शाखा के अध्यक्ष रोहित कुमार, महावीरी सरस्वती विद्या मंदिर, विजयहाता के प्रभारी प्रधानाचार्य डॉ. आशुतोष कुमार, विद्या भारती, बिहार के प्रचार-प्रसार संयोजक नवीन सिंह परमार तथा अभिभावक दंपति अमित कुमार सिंह एवं गिन्नी सिंह ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
शिविर में रक्तदान करने वाले रक्तवीरों में पूर्व छात्र परिषद् के प्रांतीय मार्गदर्शक अनिल कुमार राम, संयोजक समर प्रताप सिंह, भारत विकास परिषद् देशरत्न शाखा के अध्यक्ष रोहित सिंह,ईदल कुमार सिंह, आकाश कुमार अग्रवाल, डॉ. विपुल कुमार, अर्पित कुमार सिंह, अमित कुमार, गिन्नी सिंह, प्रीति सिंह, डॉ. हरदीप सिंह, सत्यम कुमार, श्री जिउत कुमार चक्रवर्ती, अतुल कुमार श्रीवास्तव, भास्कर कुमार, रोहित कुमार परमार, श्री अनिल कुमार राम, विवेक कुमार यादव, सौरभ कुमार, त्रिभुवन प्रसाद, हृत्विक कुमार, रवि कुमार श्रीवास्तव, अखिलेश कुमार श्रीवास्तव, श्रवण सिंह, डॉ. संजय सिंह, रंजीत कुमार सिंह, रूपेश कुमार सिंह तथा रवींद्र राय प्रमुख रूप से शामिल रहे।

कार्यक्रम के समापन पर पूर्व छात्र परिषद्, सिवान ने सभी रक्तदाताओं, सहयोगी संस्थाओं, चिकित्सकीय दल तथा स्वयंसेवकों के प्रति आभार व्यक्त किया। परिषद् ने भविष्य में भी नियमित रूप से ऐसे सेवा कार्यों के आयोजन का संकल्प दोहराते हुए युवाओं से अधिकाधिक संख्या में स्वैच्छिक रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा, “रक्तदान महादान है, जो किसी जरूरतमंद को नया जीवन प्रदान कर सकता है।”