
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा।प्रखंड के गोपालपुर जवईनियां गांव के एक साधारण किसान के बेटे ने अपनी मेधा और कड़े परिश्रम के बल पर क्षेत्र का नाम पूरे सूबे में रोशन किया है। गांव के किसान हरेंद्र सिंह के पुत्र अभिषेक सिंह ने अपने पहले ही प्रयास में प्रतिष्ठित 70वीं बीपीएससी परीक्षा में सफलता हासिल की है। इस परीक्षा में 908वीं रैंक प्राप्त कर अभिषेक बिहार पंचायत राज पदाधिकारी (बीपीआरओ) के पद के लिए चयनित हुए हैं। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही उनके पैतृक गांव और घर में उत्सव का माहौल है। अभिषेक की प्रारंभिक शिक्षा-दीक्षा उनके चाचा के पास भोपाल में रहकर हुई, जहां से उन्होंने मैट्रिक और इंटरमीडिएट की पढ़ाई पूरी की। इसके बाद उन्होंने दिल्ली यूनिवर्सिटी से स्नातक और स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की। पिछले वर्ष कैट परीक्षा पास करने के बाद वर्तमान में वे दिल्ली यूनिवर्सिटी से ही पीएचडी कर रहे हैं। अभिषेक की इस गौरवपूर्ण सफलता पर उनके चाचा व मढ़ौरा विधानसभा के पूर्व लोजपा प्रत्याशी विनय सिंह ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि अभिषेक बचपन से ही मेधावी, अनुशासित और परिश्रमी रहा है। उसकी इस ऐतिहासिक कामयाबी से आज पूरा समाज, गांव और जिला गौरवान्वित महसूस कर रहा है। बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है।




Recent Comments