
मढ़ौरा (सारण) । शपथ ग्रहण के बाद अब नगर पंचायत की नवनिर्वाचित मुख्य पार्षद रुबी सिंह व उपमुख्य पार्षद धीरज कुमार के कार्यालय कक्ष का सोमवार को महादलित महिला एवम् अति पिछड़ा वर्ग की महिला द्वय द्वारा फीता काटकर उद्घाटन किया गया। कार्यालय कक्ष के उद्घाटन समारोह में पहुंची रुबी सिंह ने उद्घाटन कर्ता नगर पंचायत की महादलित महिला और एक अन्य पिछड़ा वर्ग की महिला को अपने कार्यालय कक्ष में सम्मानित किया । नवनिर्वाचित मुख्य पार्षद रूबी सिंह ने कहा कि नगर पंचायत में उनका कार्यालय आम जनता को समर्पित है। जनता से उन्हें पद मिला है अतः उनके कार्यालय कक्ष के उद्घाटन का अधिकार भी आम जनता को ही जाता है। उद्घाटन के उपरांत रुबी सिंह ने कहा कि वह महिला प्रतिनिधि है। अतः नगर की समान्य महिला उनके कार्यालय कक्ष का उद्घाटन करे यह उनकी इच्छा थी। मुख्य पार्षद कक्ष के उद्घाटन के उपरांत उपमुख्य पार्षद धीरज कुमार के भी कार्यालय कक्ष का उद्घाटन सम्पन्न हुआ । उद्घाटन उपरांत नगर पंचायत की निर्वाचित मुख्य पार्षद रुबी सिंह और उप मुख्य पार्षद धीरज कुमार ने अपना कार्यभार संभाल लिया । कार्यालय कक्ष का उद्घाटन करने वाली महिला विकास मित्र शारदा देवी की सास और दिवंगत अवधेश राम की पत्नी धेनुकी निवासी लालती देवी ने कहा कि यह उनके लिए विशेष क्षण है । वही वार्ड 6 पकहां निवासी चन्द्रमा महतों की पत्नी लालमुन्नी देवी ने कहा की इस अवसर के लिए वह कृतज्ञ है ।
कहा – विकास को लेकर नहीं होगा समझौता :
कार्यालय कक्ष के उद्घाटन के बाद मुख्य पार्षद रूबी सिंह, उप मुख्य पार्षद धीरज कुमार ने विकास को ही अपना एजेंडा बताया । कहा विकास कार्यों को गति दी जाएगी । किसी भी स्तर पर रिश्वत पर पूर्णत: विराम लगेगा । नगर वासियों को नगर की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए वे लगातार काम करेगे। इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट बोर्ड की पूर्व चेयरमैन व जिला परिषद सदस्य मीना अरुण, पूर्व मुखिया अरुण सिंह, पूर्व मुखिया गणेश सिंह, व्यवसाई अशोक कुमार गुप्ता, विनोद कुमार गुप्ता सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।




Recent Comments