
छपरा, 27 जून: सारण के सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने मढ़ौरा-छपरा-पटना रेलखंड पर मेमू (MEMU) ट्रेन सेवा शुरू कराने के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं। इस संबंध में उन्होंने केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव को पत्र लिखकर परिचालन जल्द शुरू करने का आग्रह किया है।सांसद ने हाल ही में रेल मंत्री के साथ विशेष ट्रेन से पटना-छपरा-मढ़ौरा की यात्रा की थी। इस दौरान उन्होंने रेल मंत्री को इस रूट पर मेमू ट्रेन की आवश्यकता और स्थानीय लोगों की समस्याओं से अवगत कराया था।
हजारों यात्रियों को होगा लाभ
सांसद ने पत्र में उल्लेख किया है कि मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना तक मेमू ट्रेन चलने से सारण प्रमंडल के लगभग एक करोड़ लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेषकर विद्यार्थी, कर्मचारी, व्यवसायी और दैनिक यात्रियों के लिए यह सेवा अत्यंत महत्वपूर्ण है। इससे सड़क मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा और क्षेत्र के आर्थिक-शैक्षणिक विकास को गति मिलेगी।
समन्वय के निर्देश की मांग
सांसद ने 19 जून 2026 को छपरा-आनंद विहार सुपरफास्ट एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह के दौरान स्थानीय नागरिकों और जनप्रतिनिधियों द्वारा रखी गई मांग का भी हवाला दिया है। उन्होंने रेल मंत्री से पूर्वोत्तर रेलवे और पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधकों को आपसी समन्वय बनाने का निर्देश देने का आग्रह किया है, ताकि मढ़ौरा से छपरा होते हुए पटना के लिए सुबह ट्रेन प्रस्थान करे और शाम को उसी मार्ग से वापस लौट सके।
सांसद ने उम्मीद जताई है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेल सेवाओं के विस्तार के अंतर्गत सारण की इस जन आकांक्षा को जल्द ही पूरा किया जाएगा।




Recent Comments