दैनिक खोज खबर/सोनपुर। टोपोलैंड संघर्ष समिति के बैनर तले सोनपुर में 28 जून को मसाल जुलूस निकलेगी जबकि 29 जून (सोमवार) को जनता कर्फ्यू एवं बंद का आह्वान किया गया है। बंद को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्यों ने शनिवार को नगर एवं आसपास के विभिन्न क्षेत्रों में भ्रमण कर दुकानदारों क़ो अपने-अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर आंदोलन का समर्थन करने की अपील की।
समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट, बीरेंद्र शर्मा, चंदन कुमार, भारत सिंह, सुधीर सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता ने लोगों के बीच पहुंचे और बंद के उद्देश्य की जानकारी दी।
समिति के अध्यक्ष विनोद सिंह सम्राट ने कहा कि, “विकास चाहिए, लेकिन जनता के विश्वास और अधिकारों की कीमत पर नहीं।” उन्होंने कहा कि सोनपुर की पावन धरती हमेशा जनहित, सामाजिक एकता और लोकतांत्रिक संघर्ष की पहचान रही है। जब-जब आम जनता के अधिकारों पर संकट आया है, सोनपुरवासियों ने शांतिपूर्ण और संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद की है।
उन्होंने बताया कि वर्तमान परिस्थितियों में असर्वेक्षित भूमि की खरीद-बिक्री में बाधा, दाखिल-खारिज की समस्याएं, रसीद नवीनीकरण में कठिनाइयां तथा न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर आम जनता के बीच असमंजस की स्थिति बनी हुई है। इन समस्याओं से हजारों परिवार प्रभावित हैं और अपने अधिकारों को लेकर चिंतित हैं।
समिति ने यह भी कहा कि हरिहरनाथ कॉरिडोर जैसे महत्वपूर्ण विकास कार्य सोनपुर की धार्मिक एवं पर्यटन पहचान को नई ऊंचाई दे सकते हैं, लेकिन ऐसे विकास कार्यों में स्थानीय लोगों की सहभागिता, संवाद और विश्वास को प्राथमिकता देना आवश्यक है।उनका उद्देश्य किसी सरकार या विकास योजना का विरोध करना नहीं है, बल्कि विकास के साथ-साथ जनता के अधिकारों की रक्षा भी हो। विकास ऐसा हो जिसमें जनता की आवाज सुनी जाए, भूस्वामियों के अधिकार सुरक्षित रहें, कानून और न्यायालय के आदेशों का सम्मान हो तथा स्थानीय लोगों को विश्वास में लेकर निर्णय लिए जाएं।
इन्हीं जनभावनाओं को शांतिपूर्ण ढंग से सरकार और प्रशासन तक पहुंचाने के लिए समिति ने 29 जून 2026 को जनता कर्फ्यू का आह्वान करते हुए आम नागरिकों से अपील की है कि वे अपने प्रतिष्ठान बंद रखकर इस अभियान को सफल बनाएं। दुकानदारों ने आश्वासन दिया की बंद को सफल बनाने में वे लोग अहम भूमिका निभाएंगे।