
दैनिक खोज खबर/मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय बाजार स्थित एक बड़े रिटेल आउटलेट DJL सुपर मार्केट में रविवार दोपहर बाद अचानक आग लग गई. शॉर्ट सर्किट के कारण लगी इस आग से एक बारगी तो अफरातफरी का माहौल बन गया, लेकिन कर्मियों की सूझबूझ और दमकल विभाग की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई.प्राप्त जानकारी के अनुसार, DJL सुपर मार्केट में कपड़े, फर्नीचर और पेंट्स सहित अन्य घरेलू सामानों की बिक्री होती है. दोपहर में जब दुकान में ग्राहक मौजूद थे, तभी अचानक दुकान के अगले हिस्से में ऊपरी तरफ आग की लपटें दिखाई दीं। धुआं उठता देख दुकान के भीतर भगदड़ मच गई. हालांकि, दुकान में तैनात कर्मियों ने धैर्य नहीं खोया और तुरंत दुकान में लगे फायर सेफ्टी के अग्निशमन यंत्रों की मदद से आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी.इसी बीच, स्थानीय स्तर पर दमकल विभाग को सूचना दी गई. मुख्यालय नजदीक होने के कारण दमकल की गाड़ी कुछ ही मिनटों में घटनास्थल पर पहुंच गई.दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग को पूरी तरह से बुझा दिया, जिससे आग दुकान के अन्य हिस्सों तक नहीं फैल सकी.दुकान के मालिक विनोद कुमार गुप्ता ने घटना के बाद राहत की सांस ली। उन्होंने बताया कि आग लगने से शुरुआती हिस्से में ही आंशिक नुकसान हुआ है, लेकिन समय रहते आग पर काबू पा लिए जाने से बड़ा आर्थिक नुकसान टल गया. गनीमत रही कि हादसे के वक्त दुकान में मौजूद किसी भी कर्मी या ग्राहक को कोई चोट नहीं आई.




Recent Comments