छठ पर्व की खुशी थमा और पसरा मातम, छठ घाट पोखर में डूबने से किशोर की मौत

मढ़ौरा (सारण)। बुधवार को स्थानीय थाना क्षेत्र के बिक्रमपुर ठेकही स्थित छठ घाट पर गए एक किशोर की पोखर में डूबने से मौत हो गई और छठ पर्व की खुशी में मातम पसर गया। मृतक युवक दिघवारा के पप्पू बैठा का 17 वर्षीय पुत्र साहिल कुमार बताया जाता है, जो छठ पूजा में अपने फुआ के घर बिक्रमपुर मुन्ना बैठा के यहां आया था। मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देकर सभी अपने घर लौट आए, वही कुछ बच्चे पोखर घाट पर ही रह गए और पोखर में तैराकी के लिए पोखर में गए। वहीं 17 वर्षीय किशोर साहिल कुमार डूबने लगा, साथ में गए बच्चों ने शोर मचाया तो गांव वाले जुटे, तबतक किशोर डूब गया था। लोगों ने मढ़ौरा डीएसपी नरेश पासवान को सूचना दी, जिसके बाद मढ़ौरा थानाध्यक्ष अजय कुमार पुलिस दल बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से किशोर को पोखर से बाहर निकाल अनुमंडलीय अस्पताल लाया गया। जहा पर डॉक्टरों की टीम ने मृत घोषित कर दिया। जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेज दिया।