मक्का और मदीना के अलावा कोई भी क्षेत्र सुरक्षित नहीं बचेगाः प्रतिरक्षामंत्री
खबरें देश विदेश ः अब्दुल मुत्तलिब रज़ा
आले सऊद के शासकों ने क्षेत्र और विश्व को युद्ध, हिंसा और अतिवाद की आग में धकेल दिया है और अपनी गलतियों को सुधारने के स्थान पर अब वे ईरान को भी धमकी देने लगे हैं।
ईरान के रक्षा मंत्री ने चेतावनी दी है कि यदि सऊदी सरकार ने ईरान के ख़िलाफ़ कोई मूर्खता की तो पवित्र नगरों मक्का और मदीना के अलावा सऊदी अरब का कोई भी क्षेत्र सुरक्षित नहीं बचेगा। रक्षा मंत्री ब्रिगेडियर जनरल हुसैन देहक़ान ने सऊदी अरब की विध्वंसकरी नीतियों की कड़ी निंदा की।
उन्होंने कहा कि हम देख रहे हैं कि सऊदी अरब की हालत बहुत ख़राब हो गई है और वह चापलूसी तक करने लगा है और सऊदी सरकार इस्राईली प्रधानमंत्री नेतनयाहू की चापलूसी कर रही है कि वह ईरान के विरुद्ध कार्यवाही करें।
रक्षा मंत्री हुसैन देहक़ान ने कहा कि हमने कभी भी किसी भी मुस्लिम या अरब देश पर क़ब्ज़ा करने की कोशिश नहीं की और न ही कभी ऐसा करेंगे।
रक्षा मंत्री हुसैन देहक़ान ने सऊदी रक्षा मंत्री मोहम्मद बिन सलमान की धमकी का हवाला देते हुए कहा कि ये लोग इस भूल में हैं कि जनता के सामने और विशेष रूप से इस्लामी गणतंत्र ईरान के महान राष्ट्र के सामने अपना महिमामंडन कर सकते हैं परंतु मैं समझता हूं कि उन्हें ख़ुद पता नहीं कि वह क्या बोल रहे हैं और इसका कारण उनकी अज्ञानता, घमंड और अनुभवहीनता है।
इस्लामी गणतंत्र ईरान ने कभी भी किसी देश पर न तो अतिक्रमण किया है और न ही अतिग्रहण परंतु उसने बारम्बार घोषणा की है कि अतिक्रमण का जवाब देने में वह एक क्षण का भी संकोच नहीं करेगा और धमकी का जवाब देने के लिए वह आवश्यक प्रतिरोधक शक्ति से सम्पन्न है।
आले सऊद के शासकों ने क्षेत्र और विश्व को युद्ध, हिंसा और अतिवाद की आग में धकेल दिया है और अपनी गलतियों को सुधारने के स्थान पर अब वे ईरान को भी धमकी देने लगे हैं। वे ऐसी धमकियां दे रहे हैं जो उनकी क्षमता व सकत से बहुत बाहर हैं। नई पीढ़ी के सऊदी शासक यह सोच रहे हैं कि क्षेत्रीय प्रतिस्पर्धा में वृद्धि करके और आक्रमक नीति अपना कर अपनी स्थिति को बेहतर कर सकते हैं परंतु यह कल्पना से अधिक कुछ और नहीं है।
सऊदी अधिकारियों को जानना चाहिये कि वे किस स्थान पर हैं। उन्हें यह भी जानना चाहिये कि अमेरिका और इस्राईल के अंदर भी ईरान पर हमला करने का साहस नहीं है क्योंकि अगर उन्होंने कोई मूर्खता की तो वे ऐसे दलदल में फंस जायेंगे जिससे वे नहीं निकल पायेंगे।




Recent Comments