भीषण गर्मी में रोज-रोज के जाम से हलकान है लोग

मांझी (सारण) : जर्जर सड़क ,भीषण गर्मी तथा भयंकर जाम एन एच 19 का नीयति बन चुका है। हाजीपुर बिहार से गाजीपुर उत्तर प्रदेश को जोड़ने वाले इस मुख्य सड़क से छपरा से बलिया 65 किमी तक की दूरी तय करने में कितना समय लगेगा कोई जिम्मेवार बताने को तैयार नही। दो ढाई घण्टे का सफर इस जर्जर सड़क के सहारे दिनभर में भी पूरा हो पायेगा की नही कोई गारंटी नही। छपरा से बलिया तक की जर्जर सड़क टूटे जयप्रभा सेतु होकर सकुशल गंतब्य तक पहुंचने वाले ईश्वर को धन्यवाद देते हैं। चूंकि उक्त सड़क पर प्रतिदिन दो चार छोटी मोटी दुर्घटना के लोग आदि हो चुके हैं। भारी वाहनों के दबाव से जय प्रभा सेतु इस कदर डोलता है की लोगों का कलेजा कांप जाता है। सेतु का रेलिंग कई जगह टूटा पड़ा है। सेतु पर किनारे काफी मात्रा में मिट्टी जमा होने के कारण बर्षा के बाद जल जमाव भी हो जाता है। इन सब हालातों से सेतु की भार क्षमता कम होती जा रही है। उक्त सेतु के अलावा रिविलगंज तथा बैरिया बाजार में चौबीस घण्टे में कितनी बार जाम लगता है गिनना मुश्किल है। उक्त मार्ग पर सैकड़ों भारी वाहनों का परिचालन प्रतिदिन होता है। सड़क पर भारी दबाव के कारण दोपहिया व चारपहिया संचालक भयाक्रांत होकर आते जाते हैं। बलिया जिले के बैरिया तथा सारण जिले के मांझी तथा रिविलगंज थाना की पुलिस भी इस रोड को लेकर अतिरिक्त परेशानी झेलने को मजबूर हैं। राजनीतिक व प्रशासनिक उपेक्षा का शिकार इस सड़क किनारे के दुकानदार व गांव के लोग इस सड़क को वरदान के बजाय अभिशाप बता रहे हैं। सड़क किनारे के धूल धूसरित घरों को देखकर विकास के तमाम दावे विफल नजर आते है।