
दैनिक खोज खबर/सोनपुर। भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं प्रखर राष्ट्रवादी विचारक डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती श्रद्धापूर्वक विधायक कार्यालय, सोनपुर में सोमवार की संध्या मनाई गई। इस अवसर पर भारतीय जनता पार्टी नगर मंडल की मासिक बैठक भी आयोजित की गई, जिसमें संगठनात्मक गतिविधियों एवं आगामी माह के कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक की अध्यक्षता भाजपा नगर अध्यक्ष मुकेश कुमार सिंह (बब्लू) ने की, जबकि संचालन नगर उपाध्यक्ष सुबोध कुमार सिंह ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा ‘वंदे मातरम्’ के सामूहिक गायन के साथ हुआ।
बैठक में बीते माह के संगठनात्मक कार्यक्रमों की समीक्षा की गई तथा आगामी महीने में बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियों को प्रभावी बनाने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने पर विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता नरेश सिंह ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जन्म 6 जुलाई 1901 को कोलकाता के एक प्रतिष्ठित परिवार में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में ही शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कीं और मात्र 33 वर्ष की आयु में कोलकाता विश्वविद्यालय के सबसे युवा कुलपति बने। बाद में उन्होंने राष्ट्रहित के मुद्दों को लेकर सक्रिय राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि डॉ. मुखर्जी जम्मू-कश्मीर को भारत का पूर्ण एवं अभिन्न अंग बनाने के पक्षधर थे। उन्होंने धारा 370 को समाप्त करने की जोरदार वकालत की और ‘एक देश में दो विधान, दो प्रधान और दो निशान नहीं चलेंगे’ के संकल्प के साथ संघर्ष किया। वर्ष 1953 में बिना परमिट जम्मू-कश्मीर जाने पर उन्हें गिरफ्तार कर नजरबंद किया गया, जहां 23 जून 1953 को रहस्यमय परिस्थितियों में उनका निधन हो गया।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कार्यकर्ताओं ने डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी के राष्ट्रवादी विचारों पर चलने तथा संगठन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।
इस मौके पर भाजपा के दर्जनों पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।




Recent Comments