
माता पिता के बुढ़ापे का सहारा छिन लिया परमात्मा
दैनिक खोज खबर/सोनपुर। भोजपुर में हुए भीषण सड़क हादसे ने सोनपुर के दो परिवारों की खुशियां पलभर में मातम में बदल दीं। रविवार की शाम जैसे ही चारों शव सोनपुर पहुंचे, पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। सोमवार को एक ओर चतुरपुर पंचायत के हरपुरनंद गांव के कल्लू घाट पर पति-पत्नी की चिता एक साथ जली, तो दूसरी ओर सोनपुर काली घाट पर दो सगे भाइयों का अंतिम संस्कार किया गया। यह हृदयविदारक दृश्य देखकर हर किसी की आंखें नम हो गईं।
नयागांव थाना क्षेत्र की चतुरपुर पंचायत के हरपुरनंद गांव निवासी संजय सिंह के बड़े पुत्र प्रकाश सिंह (32) और उनकी पत्नी पल्लवी सिंह (28) का अंतिम संस्कार कल्लू घाट पर किया गया। मुखाग्नि प्रकाश के सौतेला भाई आदित्य सिंह ने दी। एक ही श्मशान घाट पर पति-पत्नी की चिता जलते देख परिजन दहाड़ें मारकर रो पड़े।
वहीं, सोनपुर शिक्षक कॉलोनी निवासी विनोद सिंह के दोनों पुत्र सौरभ कुमार (24) और गौरव कुमार (26) का अंतिम संस्कार सोनपुर काली घाट पर किया गया। दो सगे भाइयों की चिता एक साथ जलते देख वहां मौजूद लोगों का कलेजा कांप उठा। हर किसी की जुबान पर यही बात थी कि ईश्वर ऐसा दुख किसी परिवार को न दे।
जानकारी के अनुसार, प्रकाश सिंह अपनी पत्नी पल्लवी सिंह तथा अपने फुफेरे भाइयों सौरभ और गौरव के साथ हिमाचल के मनाली घूमकर देवघर लौट रहे थे। प्रकाश स्वयं स्कॉर्पियो चला रहे थे। भोजपुर में तेज रफ्तार के कारण वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े कंटेनर से टकरा गया। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो के परखच्चे उड़ गए।
हादसे में मौके पर ही प्रकाश सिंह, उनकी पत्नी पल्लवी सिंह और सौरभ कुमार की मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल गौरव कुमार ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
सबसे मार्मिक बात यह रही कि प्रकाश और पल्लवी की शादी इसी वर्ष 22 फरवरी 2026 को हुई थी। शादी के महज पांच महीने बाद ही दोनों की एक साथ मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस घर में कुछ महीने पहले शहनाइयां गूंजी थीं, वहां अब मातम और सिसकियों का माहौल है।
चारों शवों के गांव पहुंचते ही हरपुरनंद और सोनपुर में शोक की लहर फैल गई। पिता विनोद सिंह रो- रो के कहते थे मेरा दो पुत्र मात्र सहारा था अब कौन बुढ़ापा का सहारा बनेगा।
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और जो भी घर पर संतावना देने पहुंच रहे हैं सभी के आंखों में आंसू और शरीर पर मायूसी छा रहा है । पूरे क्षेत्र में गम का माहौल बना हुआ है।
बताया जाता है कि विनोद सिंह मूल रूप से दिघवारा थाना क्षेत्र के इस्माइला गांव के निवासी हैं। वर्तमान में वह सोनपुर की शिक्षक कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। इस दर्दनाक हादसे में दोनों जवान बेटों व उनके सबंधी के पुत्र व पुत्रवधू की मौत से दोनों परिवार पूरी तरह टूट गया है।




Recent Comments