दुर्गा दत्त पाठक की रिपोर्ट:-

लौरिया : जल नल योजना में हुई अनियमितता को लेकर लौरिया प्रखंड के धमौरा पंचायत अंतर्गत धमौरा गांव के वार्ड न0 – 6 के ग्रामीणों ने रविवार को मुखिया के प्रति विरोध प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। ग्रामीणों में अरविंद झा, सुमित झा, शिवम् झा, मनमोहन प्रसाद, अजहरुद्दीन आलम, भूषण ठाकुर, पप्पू पटेल, मनोज राम, राधे श्याम मुखिया आदि लोग शामिल थे । इनका आरोप था कि पंचायत के मुखिया ललतिमा देवी द्वारा पंचायत के वार्ड नंबर 6 में जल नल योजना का काम मानक के अनुसार नहीं किया गया है। हालात यह है कि कहीं कहीं नल से गंदा पानी निकल रहा है तो कहीं कहीं नल में टूटी ही नहीं लगा है। जिसके कारण पानी सड़कों पर गिर रहा है। जिससे राहगीरों को आने जाने में काफी परेशानी होती है। जहां एक तरफ सरकार जल संचय एवं शुद्ध पानी के लिए लगातार प्रयासरत है। वहीं पंचायत के वार्ड नं0 6 में जुगाड़ टेक्नोलॉजी से नल में कपड़ा बांधकर लोग पानी बंद कर रहे है। वहीं ग्रामीण अरविंद झा ने बताया कि मुखिया से शिकायत करने पर धमकी देने लगते हैं। वही इस मामले में मुखिया पति कमलेश यादव ने बताया कि कुछ लोग राजनीतिक स्वार्थ के चलते हम पर आरोप लगा रहे हैं। जो भी नल खराब है उसकी सूची तैयार कर ली गई है। उसे बहुत जल्द ठीक करा दिया जाएगा। इस संदर्भ में दूरभाष पर पूछे जाने पर प्रशिक्षू प्रखंड विकास पदाधिकारी लौरिया धीरज कुमार ने बताया कि सोमवार को पंचायत जाकर मामले की जांच की जाएगी अगर मामला सत्य पाया गया तो करवाई निश्चित होगी।