बुडकों अधिकारियों, डीएम व डीडीसी के साथ जल जमाव व निस्तारण का आकलन करेंगे सांसद रुडी
(छपरा)सारण, 31 जुलाई, 2018 । जनहित के कार्यों को प्रमुखता देते हुए स्थानीय सांसद छपरा में 5 अगस्त को सारण लोकसभा क्षेत्र के सभी जल जमाव वाले मुहल्लों और सड़कों का स्वयं आकलन करेंगे।

इस दौरान सांसद राजीव प्रताप रुडी के साथ बुडकों के पदाधिकारी, सारण जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन व उप विकास आयुक्त रौशन कुशवाहा भी होंगे। इस संबंध में सांसद ने बताया कि नमामि गंगे परियोजना का एक हिस्सा सारण में भी संपन्न होना है। 220 करोड़ की लागत से यह स्टॉर्म ड्रेनेज परियोजना है जिसके कार्यान्वयन से पूर्व ही बरसात हो गई। बरसात के कारण सारण के नीचले हिस्सों में जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसी के मद्देनजर तत्कालिक रूप से जल निकासी की व्यवस्था पर ज्यादा विचार किया जायेगा जिससे लोगों को त्वरित राहत मिल सके। जहां पानी निकासी में दिक्कत आये वहां पम्पिंग सेट लगाकर भी जल निकासी की व्यवस्था की जायेगी। दरअसल सांसद श्री रुडी ने छपरा को जल जमाव की स्थिति से हमेशा के लिए निजात दिलाने के लिए नमामी गंगे परियोजना के तहत स्टॉर्म वाटर ड्रेनेज योजना को सारण में लाया है। योजना के पूर्ण होने के बाद छपरा में जल जमाव पूरी तरह खत्म हो जायेगा, परन्तु योजना कार्यान्वयन के पूर्व ही बरसात आने व जलजमाव होने से स्थानीय नागरिक परेशान है।
इस संदर्भ में सांसद श्री रुडी ने जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन को योजना के कार्यान्वयन की जिम्मेदारी निभाने वाली राज्य सरकार की संस्था बुडको के प्रबन्ध निदेशक अमरेन्द्र प्रसाद सिंह से सम्पर्क स्थापित कर नमामि गंगे योजना के अन्तर्गत जल निकासी का प्रस्ताव बनाने वाले बंगलोर के कंसल्टेंट एजेन्सी को अगले 20 दिन तक छपरा में कैम्प कराने को कहा है। साथ ही सांसद ने जिलाधिकारी को अपने स्तर से शहर के विभिन्न स्थानों पर जल-जमाव की स्थिति का जायजा लेने के लिए भी कहा है। उन्होंने कहा है कि जल जमाव वाले इलाकों को चिन्हित करने के पश्चात निगम से समन्वय स्थापित कर जल निकासी एवं सफाई का कार्य कराया जाय। श्री रुडी ने कहा कि यदि किसी ईलाके में जल निकासी में कठिनाई आती है तो वहां पोर्टेबल पम्पिंग सेट लगाकर पानी निकालने की व्यवस्था किया जाए ताकि स्थानीय नागरिकों को जल भराव से त्वरित निजात दिलाया जा सके। उन्होंने बताया कि रेलवे के अधिकारियों से सम्पर्क स्थापित कर विभिन्न छपरा जंक्शन, छपरा कचहरी एवं सोनपुर स्टेशन पर होने वाले जल जमाव के निस्तारण की व्यवस्था की जायेगी।
श्री रुडी ने बताया कि सारण गंगा और घाघरा नदी के तट पर बसा है। ऐसी स्थिति में नीचले ईलाकों में बाढ़ की भी संभावना बनी रहती है। जो शहरी ईलाके है वहां जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण जल जमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। सामान्य तौर पर पुराने ड्रेनेज व्यवस्था से मंथर गति से जल निकासी हो पाती है इसिलिए अधिकारियों के साथ परिभ्रमण कर और तकनीकी अधिकारियों से परामर्श कर इसके निदान का त्वरित उपाय किया जायेगा। साथ ही यह भी देखा जायेगा कि नमामि गंगे समेत अन्य परियोजनाओं को यहां किस प्रकार कार्यान्वित किया जाय ताकि बरसात के दिनों में शीघ्र जल निकासी की व्यवस्था हो सके और आमजन को असुविधा न हो। साथ ही छपरा शहर में बरसात के समय जल निकासी के लिए बनी योजना की विस्तृत समीक्षा भी की जायेगी।
बुडकों अधिकारियों, डीएम व डीडीसी के साथ जल जमाव व निस्तारण का आकलन करेंगे सांसद रुडी




Recent Comments