दरियापुर (सारण)।लोक आस्था के महापर्व छठ के अवसर पर दरियापुर प्रखंड का सबसे बड़ा छठ घाट सुतिहार मठिया इस वर्ष भी श्रद्धा और भक्ति का केंद्र बना हुआ है। घाट पर सोमवार की शाम से ही व्रतियों और श्रद्धालुओं का तांता लगना शुरू हो गया। महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में सज-संवरकर हाथों में दऊरा और सुप लेकर अस्ताचलगामी सूर्य को अर्घ्य देने पहुँचीं।
सुतिहार मठिया छठ घाट की विशेषता यह है कि यहाँ आसपास के दो दर्जन से अधिक गांवों के श्रद्धालु पूजा करने आते हैं। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों की पहल पर घाट की सफाई, प्रकाश व्यवस्था और सुरक्षा की पुख्ता व्यवस्था की गई है।
छठ घाट पर बने अस्थायी मंचों से भक्ति गीतों की गूंज से पूरा वातावरण आध्यात्मिक बना हुआ है। श्रद्धालुओं के लिए पीने के पानी, चिकित्सा और सुरक्षा बलों की तैनाती की व्यवस्था की गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि सुतिहार मठिया घाट पर हर वर्ष श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ती जा रही है। इस बार घाट की सजावट और व्यवस्थाओं को देखते हुए यह स्पष्ट है कि यह दरियापुर प्रखंड का सबसे भव्य और सुरक्षित छठ घाट बन चुका है।