बिजली की करंट लगने से 28 वर्षीय युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम

अमनौर थाना क्षेत्र के डोमन छपरा गांव में बिजली की करंट लगने से एक 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. वहीं गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों की चीख पुकार देख स्थानीय लोगों के आंखों में आंसू छलक आए. घटना के संबंध में बताया जाता है कि सोमवार की दोपहर के समय स्व रामनाथ राय का 28 वर्षीय पुत्र संजय कुमार राय अमनौर बाजार से कुछ सामान खरीदारी कर अपने घर पहुंचा जहां गर्मी को देखते हुए पंखा का प्लग बिजली बोर्ड में खोंस रहा था कि हाथ की उंगली प्लग से स्पर्श हो गई जहां बिजली का करंट लग गयी. कुछ देर बाद घर के परिजन उक्त कमरे में गये तो पाया कि कमरे में अचेत पडा है. आनन फानन में उसे निजी अस्पताल में ले जाया गया. जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया. मृतक संजय का दो वर्ष पहले शादी हुई थी. वह दिल्ली में एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था. कुछ दिन पहले दिल्ली से अपने घर आया था. घर के लोग काफी खुश थे कल अपनी पत्नी व एक साल के बच्चे के साथ दिल्ली जाने वाला था. जिसकी सब तैयारी कर चुका था. मगर किसको मालूम था कि अपने पुरे परिवार को छोड़कर दुनिया से अलविदा हो जायेगा. इधर इस घटना के बाद मृतक के मां मैना देवी व उसकी पत्नी सविता देवी का रो रो कर बुरा हाल है.