तरैया (सारण)। मुजफ्फरपुर जिले के पारु थाना क्षेत्र समीप सुहागपुर घाट के पास गंडक नदी में स्नान करने गए एक छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक तरैया थाना क्षेत्र के बनिया हसनपुर गांव निवासी जियालाल साहनी का 11 वर्षीय पुत्र अनिकेत कुमार बताया गया है। घटना के संबंध में परिजनों ने बताया कि अनिकेत भैंस चराने दियरा में गया हुआ था जहां वह अन्य बच्चों के साथ गंडक नदी में स्नान करने चला गया। इसी दौरान दो बच्चे नदी में डूबने लगे, हालांकि एक बच्चा तैरते हुए बाहर निकल गया। लेकिन इस दौरान अनिकेत गहरे पानी में चला गया, जहां डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से पुलिस-प्रशासन को सूचना दी गई एवं एनडीआरएफ की टीम बुलाने की मांग की गई। हालांकि काफी समय तक एनडीआरएफ की टीम नहीं पहुंच पाई। जिसके बाद स्थानीय गोताखोरों ने नाव के सहयोग से शव को खोजने का प्रयास किया। जिस दौरान काफी मशक्कत के बाद उन्हें अनिकेत का शव बदामत हुआ। वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पारु थाने की पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मुजफ्फरपुर जिला अस्पताल भेज दिया। अनिकेत कक्षा पांच में पढ़ाई करता था। वह दो भाई और दो बहनों में दूसरे स्थान पर था। इधर घटना के बाद मृतक के पिताजी लाल सहनी, माता रीना देवी, बहन अंचल कुमारी, आयुषी कुमारी, भाई पीयूष कुमार समेत परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है।