• परिजनों ने साथी मजदूर पर हत्या का लगाया आरोप

दैनिक खोज खबर/तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के फेनहारा गद्दी गांव के रहने वाले एक मजदूर की शव को पुलिस ने असम के डिब्रूगढ़ स्थित ब्रह्मपुत्र नदी से बरामद किया है। मृतक फेनहारा गद्दी गांव निवासी स्व. पलटन प्रसाद के 55 वर्षीय पुत्र महादेव प्रसाद बताए गए हैं। जो कि पिछले एक वर्ष से सुगा बिंद के साथ डिब्रूगढ़ में लकड़ी निकालकर कोयला बनाने का काम कर रहे थे। वहीं परिजनों ने एक मजदूर साथी पर ही हत्या का आरोप लगाए हैं। जानकारी के अनुसार, 4 नवंबर की रात महादेव और सुगा बिंद के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। इसी विवाद के बाद सुगा बिंद ने कथित रूप से महादेव की हत्या कर शव को ब्रह्मपुत्र नदी में फेंक दिया। अन्य साथी मजदूरों के पूछताछ पर सुगा बिंद ने घटना को स्वीकार कर लिया। जिसके बाद साथियों ने पुलिस को सूचना दी। तब मौके पर पहुची पुलिस ने आरोपी सुगा बिंद की निशानदेही पर 10 नवंबर को ब्रह्मपुत्र नदी किनारे से महादेव का शव बरामद किया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक की पत्नी मीना देवी, पुत्र सर्वजीत कुमार और अन्य परिजन असम के लिए रवाना हुए। वहीं घटना को लेकर घर पर मृतक के बड़े पुत्र अमरजीत प्रसाद, छोटे पुत्र सुजीत कुमार और बहू का रो-रोकर बुरा हाल है। इधर असम के डिब्रूगढ़ पुलिस ने 12 नवंबर को पोस्टमॉर्टम के बाद मृतक के शव परिजनों को सौंप दिया। जिसके बाद परिजनों ने वहीं अंतिम संस्कार कर दिया।