सोनपुर — सोनपुर प्रखंड क्षेत्र में त्रिस्तरीय पंचायत आम निर्वाचन 2021 को लेकर 3 नवंबर को मतदान होगा । राज्य निर्वाचन आयोग ने इस बार पंचायत चुनाव में मतदान की प्रक्रिया में काफी बदलाव किया है । वोट देने से पहले मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा । प्रखंड विकास पदाधिकारी सह निर्वाची पदाधिकारी ने बताया कि मतदान केंद्रों पर वोट देने से पहले मतदाताओं को बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठा लगाकर खुद का सत्यापन करना पड़ेगा ताकि फर्जी वोटर द्वारा फर्जी मतदान पर रोक लगाई जा सके । उन्होंने बताया कि जिस मतदान केंद्र पर बायोमेट्रिक मशीन लगाने की सुविधा नहीं होगी वहां पर आधार कार्ड के जरिए ऑनलाइन मतदाताओं का सत्यापन किया जाएगा। बताया गया है कि पीडीएस दुकानदारों पर जिस प्रकार राशन देने के दौरान उपभोक्ता से बायोमेट्रिक मशीन में अंगूठा लगाकर उनकी पहचान की जाती है उसी प्रकार राज्य निर्वाचन आयोग ने भी फर्जी मतदान रोकने के लिए उद्देश्य इस बार पंचायत चुनाव में भी इस सिस्टम को लागू किया है।