◆महिलाओं को दी गयी परिवार नियोजन की जानकारी
◆जिले में चल रहा है मिशन परिवार विकास अभियान पखवाड़ा

छपरा / 28 जनवरी। जिले में 14 से 31 तक मिशन परिवार विकास अभियान पखवाड़ा चलाया जा रहा है। इसके तहत कई प्रखंडों में परिवार नियोजन मेला का आयोजन किया गया। जिले के बनियापुर, लहलादपुर, मकेर, नगरा, अमनौर समेत अन्य प्रखंडों मेला लगाया गया। मेले में महिलाओं को परिवार नियोजन के साधनों के बारे में जानकारी दी गयी तथा काउंसलिंग की गयी। मेले में गर्भनिरोधक साधनों का निःशुल्क वितरण किया गया। 21 से 31 जनवरी तक परिवार नियोजन सेवा सप्ताह का आयोजन किया गया। दंपति संपर्क पखवाड़े के दौरान आमजन में जागरूकता लाने के लिए सही उम्र में शादी, शादी के बाद कम से कम 2 साल के बाद पहला बच्चा, दो बच्चों में कम से कम 3 साल का अंतराल एवं प्रसव के बाद या गर्भपात के बाद परिवार नियोजन के स्थायी एवं अस्थायी साधनों पर ज़ोर दिया जाएगा। वहीँ परिवार नियोजन सेवा सप्ताह के दौरान प्रथम रेफ़रल इकाइयों में नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा।
प्रसव के बाद महिला नसबंदी एवं कॉपर- टी पर विशेष ध्यान:
केयर इंडिया के परिवार नियोजन समन्वयक प्रेमा कुमारी ने बताया कि संस्थागत प्रसव के बाद लगभग 60% एवं सुरक्षित गर्भपात के बाद लगभग 90% दम्पतियों में परिवार नियोजन के लिए मांग है। इसे ध्यान में रखते हुए प्रसव के बाद महिला नसबंदी एवं कॉपर- टी संस्थापन पर अभियान के दौरान विशेष बल दिया जा रहा है । इसके लिए प्रसव कक्ष में परिवार कल्याण परामर्शी, एएनएम, स्टाफ़ नर्स के माध्यम से प्रसव एवं गर्भपात के लिए आए हुए इच्छुक महिलाओं को उत्प्रेरित करते हुए सुविधा प्रदान करायी जा रही है।
2025 तक कुल प्रजनन दर 2.1 तक लाने का लक्ष्य:
सिविल सर्जन डॉ. माधवेश्वर झा ने बताया कि केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय द्वारा कुल प्रजनन दर(प्रति महिला बच्चों की कुल संख्या) में कमी, आधुनिक गर्भनिरोधों के उपयोग को बढ़ाने, गर्भनिरोधक साधनों की सामुदायिक स्तर पर पहुँच सुनिश्चित करने एवं परिवार नियोजन के प्रति जन-जागरुकता को बढ़ाने के लिए उच्च कुल प्रजनन दर की सूची में शामिल बिहार में मिशन परिवार विकास की शुरुआत की गयी है। सैंपल रजिस्ट्रेशन सर्वे की रिपोर्ट के अनुसार अभी बिहार की कुल प्रजनन दर 3.2 है। मिशन विकास परिवार के तहत वर्ष 2025 तक बिहार के प्रजनन दर को 2.1 तक लाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।




Recent Comments