
अपने दायित्वों से भाग रहे नेता प्रतिपक्ष, दे दें इस्तीफा: मंगल पांडेय
🌐पटना, 17 अगस्त :: बिहार के स्वास्थ्य मंत्री व भाजपा नेता मंगल पांडेय ने राजद नेता तेजस्वी यादव को अपने दायित्वों से मुकरने वाला नेता प्रतिपक्ष बताया है। श्री पांडेय ने कहा कि लंबे अंतराल से राजनीतिक पटल से तेजस्वी यादव का गायब रहना यह बताता है कि उन्हें राज्य की जनता और विधायी कार्यों से कोई मतलब नहीं है। वे सिर्फ अपना वजूद कायम रखने के लिए विपक्ष का नेता का तगमा लिए घूम रहे हैं। इसलिए अच्छा रहेगा कि वे नेता प्रतिपक्ष जैसे संवैधानिक पद से इस्तीफा दे किसी और को मौका दें।
श्री पांडेय ने कहा कि सदन की कार्यवाही हो या फिर जरूरी बैठकों में लगातार अनुपस्थित रहना यह बताता है कि लोकतंत्र पर उन्हंे भरोसा नहीं है। अपने नेता के आचरण से राजद के विधायकों का विरोध मुखर होने लगा है बल्कि महागठबंधन में शामिल दलों के नेता उन्हें विपक्ष का नेता मानने का तैयार नहीं है। राजद का हाल यह है कि कई विधायकों ने अंदर ही अंदर संभावना तलाशना शुरू कर दिया है। इस स्थिति में राजद में बिखराव की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता है। राजद के बड़े और छोटे नेता भी मानते हैं कि उनका यही रवैया एक दिन राजद को रसातल में ले जाएगा।
श्री पांडेय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और भाजपा को भगाने का दावा करते थे, वो राजनैतिक नौनिहाल पता नहीं कहां खुद भागे फिर रहे हैं। ट्वीटर बौउआ ट्वीटर पर हवा हवाई ट्वीट करवाने से राजनीति नहीं होती। आपकी और आपके परिवार की राजनीतिक जमीन खिसक चुकी है और हार की शर्मिंदगी तो जायज है और होनी भी चाहिए, लेकिन नेता प्रतिपक्ष के अपने दायित्वों का निर्वहन कीजिए या फिर उस पद से इस्तीफा दे किसी योग्य व्यक्ति को आगे बढ़ने का अवसर दीजिए। नहीं तो आपकी इस कार्यशैली के लिए राज्य की जनता कभी आपको माफ नहीं करेगी।
➖➖➖➖
✍परमार मीडिया – सीवान { बिहार }




Recent Comments