
मांझी(सारण)। दाउदपुर थाना क्षेत्र के लेजुआर गांव में रविवार को तड़के एक पुराना मकान धराशायी हो गया। जिसकी दीवार की ईंट में दब कर महिला, पुरुष व बच्चे समेत करीब एक दर्जन लोग घायल हो गए। घायलों में दो बच्चियों की स्थिति गम्भीर बताई जाती है। जिन्हें इलाज के लिए छपरा सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अन्य घायलों का इलाज एकमा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र व दाउदपुर में चल रहा है। मिली जानकारी के अनुसार लेजुआर गांव निवासी तथा स्वतंत्रता सेनानी स्व. रामायण शर्मा का मकान काफी जर्जर हो चुका है।आर्थिक तंगी के कारण उसी जर्जर मकान में स्व. शर्मा के पांचों बेटे अपने परिवार के साथ रहते हैं। रविवार की सुबह परिवार के सदस्य नींद में सो रहे थे तभी मकान के एक हिस्से की 25 इंच की ईंट की दीवार छत समेत भरभरा कर गिर पड़ी। जिसके चपेट में बच्चे व महिलाओं समेत परिवार के एक दर्जन लोग आ गए। मकान गिरने की तेज आवाज सुन कर देखते हीं देखते मुहल्ले के लोग इकट्ठा होकर बचाव-कार्य में जुट गए। धीरे-धीरे मलबे को हटा कर दीवार में दबे घायलों को बाहर निकाला गया। संयोग अच्छा था कि इतनी बड़ी घटना होने के बाद भी कोई हताहत नही हुआ। घटना के बाद सभी घायलों को विभिन्न जगहों पर ले जाकर इलाज के लिए भर्ती कराया गया। गम्भीर रूप से घायल आँचल कुमारी व प्रियंका कुमारी को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए छपरा में भर्ती कराया गया है। अन्य घायलों में सीता देवी, गीता देवी, मोहिनी कुमारी, चंचल कुमारी, ओंकार शर्मा, युवराज कुमार आदि शामिल हैं।




Recent Comments